{"vars":{"id": "91925:5179"}}

 

केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 100वें ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के ऐतिहासिक अवसर पर भारत की पहली ओलंपिक फिल्म का शुभारंभ किया

 

 

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को पुणे में 100वें ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के ऐतिहासिक आयोजन के अवसर पर भारत की पहली ओलंपिक फिल्म का शुभारंभ किया। इस फिल्म में अभिनेता आयुष्मान खुराना और खेल जगत की दिग्गज हस्तियां मीराबाई चानू, शीतल देवी तथा स्मृति मंधाना शामिल हैं।

यह फिल्म #IndiaReady4Olympics थीम के तहत भारत के ओलंपिक अभियान की शुरुआत का प्रतीक है। इसमें देश में खेलों के क्षेत्र में हो रहे परिवर्तन और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने की भारत की महत्‍वाकांक्षा को दर्शाया गया है।

इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने कहा, “फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 100वें आयोजन के अंतर्गत 50,000 से अधिक साइकिल सवारों ने पुणे की सड़कों पर साइकिल चलाई। इस कार्यक्रम का आयोजन देशभर में 40,000 स्थानों पर किया गया। भारतीय युवा फिटनेस को अपना रहे हैं, क्योंकि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ और फिट राष्ट्र आवश्यक है। इस आयोजन के लिए रिकॉर्ड 56,000 पंजीकरण हुए, जिससे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी का फिट इंडिया विजन साकार रूप ले रहा है।”

डॉ. मांडविया ने कहा, “100वें संडेज़ ऑन साइकिल का आयोजन भारत की वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दावेदारी को समर्पित है। आज हम केवल साइकिल नहीं चला रहे हैं, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज की पवित्र भूमि से पूरे देश को फिटनेस का सशक्त संदेश दे रहे हैं। साइकिल का प्रत्‍येक पैडल हमें विकसित भारत के लक्ष्य के और करीब ले जाता है। पुणे को फिट इंडिया आंदोलन से जोड़ने के लिए महाराष्ट्र के विधायक श्री महेश लांगड़े का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”

इस शुभारंभ के अवसर पर 50,000 साइकिल सवारों के साथ भारतीय ओलंपिक संघ के सीईओ श्री रघुराम अय्यर और ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी, जैस्मिन लम्बोरिया, प्रीति पवार, संदीप कुमार, आशीष कुमार चौधरी तथा श्राबनी नंदा उपस्थित रहे। इस आयोजन में यूथ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अंबेकर मीतेई, एशियाई खेलों की पदक विजेता सुचिका तरियाल, ताइक्वांडो खिलाड़ी कशिश मलिक, ट्रैक साइकिलिस्ट डेविड बेकहम एल्कातोचोन्गो और पर्वतारोही बलजीत कौर ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर पुणे में ‘रिवर साइक्लोथॉन 2026: जल संरक्षण एवं नदी स्वच्छता’ थीम के तहत 25 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की साइकिल रैलियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया। यह आयोजन देशभर के 100 प्रतिष्ठित स्थानों और प्रत्येक जिले में आयोजित किया गया। 600 से अधिक जिलों में आयोजित साइकिल रैलियों में 1.5 लाख से अधिक माय भारत वालंटियर्स ने भाग लिया।

100वें संडेज़ ऑन साइकिल में ज़मीनी स्तर पर लोगों की भागीदारी को पहचान मिली, जिसमें फिट चैंप्स और साइकिलिंग क्लबों को सम्मानित किया गया तथा माय भारत के विजेताओं के नामों की घोषणा की गई। कार्यक्रम के तहत डॉ. मांडविया ने एक पुस्तक का विमोचन भी किया। इसके साथ ही फिटनेस को बढ़ावा देने और सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

आईओए के सीईओ श्री रघुराम अय्यर ने कहा, “संडेज़ ऑन साइकिल उस भावना को पूरी तरह दर्शाता है, जिसकी भारत को ओलंपिक हेतु तैयार होने के लिए आवश्यकता है। इसके लिए समर्पण, निरंतरता और हर सप्ताह फिर से पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ने का संकल्प जरूरी है, भले ही पिछले सप्ताह का परिणाम कुछ भी रहा हो। आज हम संडेज़ ऑन साइकिल के ऐसे आयोजन का उत्सव मना रहे हैं, जो उत्कृष्टता, सम्मान और मैत्री जैसे ओलंपिक के मूल मूल्यों को समर्पित है। मुझे खुशी है कि हम भारत में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के सपने को साकार करने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़े हैं।”

उन्होंने कहा, “इस सप्ताह की शुरुआत में हमने आईओसी भावी मेजबान आयोग के सदस्यों के साथ चर्चा की। इस दौरान हमने माननीय मंत्री के साथ मिलकर यह प्रदर्शित किया कि भारत और अहमदाबाद न केवल वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों, बल्कि वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी तैयार हैं। हमने इस बात को भी रेखांकित किया कि भारत पहले से ही कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी कर रहा है और आने वाले समय में भी ऐसे अनेक आयोजन करेगा।”

17 दिसंबर, 2024 को ‘प्रदूषण का सॉल्‍यूशन’ संदेश के साथ शुरू हुआ ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ अब देशव्यापी फिटनेस आंदोलन का रूप ले चुका है। इसके 100 आयोजनों के दौरान कुल मिलाकर 40 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी दर्ज की गई है। इस पहल के तहत अब 7,500 से अधिक ‘फिट इंडिया नमो साइक्लिंग क्लब’ स्थापित हो चुके हैं और लगभग 10,000 स्थानों पर हर सप्ताह विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है