{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Highway Toll Update: पश्चिमी UP और हरियाणा के 13 टोल प्लाजा होंगे बैरियर-मुक्त, 9 महीने में लागू होगी मल्टी लेन फ्री फ्लो व्यवस्था

उत्तर प्रदेश से दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान का सफर अब बेहद सुगम और तेज होने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा सीमा से गुजरने वाले 13 प्रमुख टोल प्लाजा को पूरी तरह बैरियर-मुक्त बनाकर मल्टी लेन फ्लो फ्री (MLFF) टोलिंग सिस्टम में बदलने जा रहा है।
 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश से दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान का सफर अब बेहद सुगम और तेज होने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा सीमा से गुजरने वाले 13 प्रमुख टोल प्लाजा को पूरी तरह बैरियर-मुक्त बनाकर मल्टी लेन फ्लो फ्री (MLFF) टोलिंग सिस्टम में बदलने जा रहा है। इस नई तकनीक से वाहन बिना रुके टोल से गुजर सकेंगे, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। एनएचएआई के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अधिकारी अब्दुल बासित के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को आगामी नौ महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कैसे काम करेगी MLFF तकनीक?

ऑटोमैटिक फास्टैग स्कैनिंग: टोल प्लाजा पर लगे रेडियो-फ्रीक्वेंसी सिग्नल (RFID) और हाई-स्पीड AI कैमरे चलते वाहन की नंबर प्लेट और फास्टैग को तुरंत स्कैन कर लेंगे, जिससे बिना रुके टोल टैक्स कट जाएगा।

सेंसर से तय होगी श्रेणी: ABC/ATCC सेंसर वाहन की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई को मापकर खुद तय करेंगे कि वाहन कार है, बस या ट्रक।

रडार आधारित स्पीड डिटेक्शन: सेंसर से वाहन की गति को भी ट्रैक किया जाएगा।

बिना टोल दिए निकलने पर लगेगा दोगुना जुर्माना

यदि कोई वाहन अमान्य फास्टैग, बिना बैलेंस या बिना टोल दिए गुजरता है, तो वाहन मालिक को तुरंत ई-नोटिस भेजा जाएगा।

72 घंटे की समय सीमा: ई-नोटिस मिलने के 72 घंटे के भीतर बकाया टोल का भुगतान करना अनिवार्य होगा।

दोगुना चार्ज व सख्त कार्रवाई: 72 घंटे में भुगतान न करने पर दोगुना फाइन लगाया जाएगा। इसके साथ ही वाहन का फास्टैग, फिटनेस सर्टिफिकेट, एनओसी और परमिट ब्लॉक/ब्लैकलिस्ट किए जा सकते हैं।

ये 13 टोल प्लाजा होंगे बैरियर-मुक्त:

मेरठ - नजीबाबाद (NH-34): बिजनौर का भनारा टोल और मेरठ का मवाना टोल प्लाजा।

पानीपत - बिजनौर - नगीना (NH-709AD): मुजफ्फरनगर का मुजेहरा टोल, हरियाणा सीमा पर पानीपत का तामशाबाद टोल और शामली/मुजफ्फरनगर सीमा का जगाहेड़ी टोल।

मेरठ - बुलंदशहर हाईवे: हापुड़ स्थित कुराना टोल प्लाजा।

दिल्ली (अक्षरधाम) - सहारनपुर (NH-709B): बागपत का जीवना टोल और शामली का दभेड़ी टोल प्लाजा।

भिवानी - गढ़मुक्तेश्वर (NH-709A): शामली का पटनी प्रतापपुर टोल और मेरठ का भूनी टोल।

दिल्ली - मुंबई एक्सप्रेसवे: मथुरा सीमा के पास हरियाणा (मेवात) का किरंज टोल प्लाजा।

गाजियाबाद - उत्तराखंड (पुराना NH-58): मेरठ का सिवाया टोल प्लाजा।

दिल्ली - आगरा हाईवे (NH-19): फरीदाबाद सीमा पर बदरपुर-फरीदाबाद टोल प्लाजा।