{"vars":{"id": "91925:5179"}}

औरैया: सहेली के 75 साल के पिता पर आया 30 साल की ब्लॉगर का दिल, नवरात्र के बाद करेंगे शादी; वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक अनोखी और हैरान कर देने वाली प्रेम कहानी सामने आई है। यहां 30 साल की एक सोशल मीडिया ब्लॉगर को अपनी ही सहेली के 75 वर्षीय पिता से प्यार हो गया।
 
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक अनोखी और हैरान कर देने वाली प्रेम कहानी सामने आई है। यहां 30 साल की एक सोशल मीडिया ब्लॉगर को अपनी ही सहेली के 75 वर्षीय पिता से प्यार हो गया। दोनों की उम्र में करीब 45 साल का फर्क है, लेकिन उम्र के इस बड़े फासले को दरकिनार करते हुए दोनों ने एक-दूसरे का जीवनसाथी बनने का फैसला किया है। हाल ही में दोनों की सगाई की रस्म पूरी हुई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। अब दोनों नवरात्र के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। पार्लर में हुई सगाई, शादी की तैयारियां शुरू मिली जानकारी के मुताबिक, सहार विकासखंड के अरियारी गांव निवासी 75 वर्षीय रामसुगर और औरैया शहर की रहने वाली 30 वर्षीया रानी राजपूत ने पिछले दिनों एक ब्यूटी पार्लर में सगाई की थी। स्पेशल डे के लिए पार्लर को खास तौर पर सजाया गया था, जहां दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इस सगाई में दोनों परिवारों के करीबी लोग शामिल हुए थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रामसुगर की बेटी और होने वाली दुल्हन रानी दोनों ही बेहद खुश नजर आ रही हैं।
अकेलेपन के बीच शुरू हुई प्रेम कहानी 75 वर्षीय रामसुगर ने बताया कि करीब सात साल पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था। उनके एक बेटा और तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है और वे अपने-अपने परिवारों में व्यस्त हैं। पत्नी के जाने और बच्चों के व्यस्त होने के बाद वे घर में काफी अकेलापन महसूस करने लगे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात रानी राजपूत से हुई। लगभग दो वर्षों तक एक-दूसरे को जानने-समझने के बाद दोनों ने बाकी जिंदगी साथ बिताने का निर्णय लिया। सहेली के घर आने-जाने से शुरू हुआ सिलसिला ब्लॉगर रानी राजपूत पहले से शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे हैं। रानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनके पति उन्हें छोड़कर चले गए थे। जीवन के कठिन दौर के बाद उन्होंने रामसुगर के साथ नई शुरुआत करने का फैसला किया। रानी की मुलाकात रामसुगर की बेटी राधा से हुई थी। राधा भी सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाती हैं। वीडियो बनाने के सिलसिले में रानी का रामसुगर के घर आना-जाना शुरू हुआ। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया। क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी अनोखी शादी परिवार के सदस्यों का कहना है कि विवाह में चुनिंदा रिश्तेदारों को ही आमंत्रित किया जाएगा और सभी रस्में परंपरागत तरीके से पूरी की जाएंगी। फिलहाल 45 साल बड़े बुजुर्ग और 30 साल की महिला के इस रिश्ते की चर्चा पूरे इलाके के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी जोर-शोर से हो रही है।