6200 करोड़ की लागत से बनेगा रिंग रोड, 41 गांवों से होकर गुजरेगा, देखें पूरा मास्टर प्लान
प्रयागराज। तीर्थराज प्रयागराज में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और बाहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए इनर रिंग रोड के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं।
करीब 41.662 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर 5,000 से 6,200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसका निर्माण कार्य अगले वित्तीय वर्ष में शुरू कर दिया जाएगा। इस चरण के तहत गंगा और यमुना नदी पर एक-एक नया फोरलेन पुल बनाया जाएगा। इसके अलावा, बिना किसी रुकावट के यातायात संचालन के लिए मार्ग पर 54 अंडरपास, चार फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का भी निर्माण होगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस दूसरे फेज की पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली है और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से प्रारंभिक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को भी मंजूरी मिल चुकी है। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, यह प्रस्तावित मार्ग सोरांव तहसील के एनएच-19 के पास स्थित माधोपुर गांव से शुरू होकर करछना तहसील के अमिलिया गांव तक जाएगा, जिसके दायरे में कुल 41 गांव आएंगे।
बता दें कि परियोजना के लिए करीब 321 हेक्टेयर यानी 1284 बीघा जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। लगभग 6700 काश्तकारों की जमीन ली जाएगी। वहीं रिंग रोड के दूसरे फेज में यमुना पर 1200 मीटर और गंगा पर 3500 मीटर लंबा फोरलेन पुल बनाया जाएगा। इसके साथ ही अंडरपास दो चरणों में तैयार होंगे। पहले चरण में 33 और दूसरे चरण में 21 अंडरपास बनने है। चार फ्लाईओवर और आरओबी भी प्रस्तावित हैं।
दूसरे फेज में 1284 बीघा जमीन का होगा अधिग्रहण
रिंग रोड के दूसरे फेज के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। करीब 42 किलोमीटर लंबे इस फेज के लिए 321 हेक्टेयर यानी 1284 बीघा से अधिक जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
चार से छह माह में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। इसके तहत लगभग 41 गांवों के 6700 काश्तकारों की जमीन ली जाएगी। रिंग रोड के दूसरे फेज के पूरा होने से शहर के बाहरी हिस्सों में यातायात सुगम होगा और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।