चटनी, मोमोज और कॉटन कैंडी खाने वालों के लिए बड़ी खबर! मिलावटी रंगों पर सरकार सख्त, प्रतिबंधित केमिकल्स पर लगा बैन
लखनऊ: मिठाइयों, नमकीन, हरी-लाल चटनी, मोमोज और अन्य खाने-पीने की चीजों को आकर्षक बनाने के लिए रासायनिक (केमिकल) रंगों के मनमाने इस्तेमाल पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने इस संबंध में सभी खाद्य कारोबारियों के लिए विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं।
विभाग ने साफ किया है कि खाद्य पदार्थों में केवल अनुमति प्राप्त (Permitted) रंगों का ही तय सीमा के भीतर इस्तेमाल किया जा सकेगा। 'रोडामाइन-बी' जैसे जानलेवा और गैर-खाद्य रंगों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब की ओर से जारी आदेश में हलवाइयों, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों, बेकरी, ढाबों और रेहड़ी-पटरी पर दुकान लगाने वालों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन स्ट्रीट फूड्स और मिठाइयों पर रहेगी विशेष नजर
FSDA ने समोसे, चाट, मोमोज और रोल के साथ दी जाने वाली लाल और हरी चटनी में मिलाए जाने वाले खतरनाक रंगों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है:
प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल: कारोबारियों को सलाह दी गई है कि चटनी और खाद्य पदार्थों में रंग और स्वाद के लिए टमाटर, चुकंदर, धनिया और पुदीना जैसी प्राकृतिक चीजों का उपयोग करें।
कॉटन कैंडी और बर्फ के गोले: 'बुढ़िया के बाल' (कॉटन कैंडी) और बर्फ के गोलों में रोडामाइन-बी जैसे खतरनाक रंगों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
चिकन टिक्का और कबाब: नॉन-वेज आइटम्स जैसे चिकन टिक्का, कबाब, चाप और फ्राइड फिश में लाल रंग लाने के लिए औद्योगिक डाई (Industrial Dye) के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है।
डिजिटल तराजू से नापना होगा रंग, रखना होगा बिल का रिकॉर्ड
अब कारोबारी अपनी मर्जी से अंदाज से रंग नहीं मिला सकेंगे। FSDA के नए नियमों के तहत:
खाद्य पदार्थों में रंग की सही मात्रा मापने के लिए डिजिटल वेइंग स्केल (Digital Weighing Scale) का उपयोग अनिवार्य होगा।
कारोबारियों को केवल अधिकृत (Authorized) दुकानों से ही रंग खरीदने होंगे।
रंगों की खरीद के बिल, इनवॉइस, पैकेजिंग लेबल और बैच नंबर का रिकॉर्ड सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा ताकि जांच के समय प्रमाण दिया जा सके।
इन खतरनाक केमिकल रंगों पर है पूरी तरह पाबंदी
FSDA के निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि रोडामाइन-बी, मेटानिल येलो, बटर येलो, मैलाकाइट ग्रीन, आरामाइन और ऑरेंज-2 जैसे घातक केमिकल रंगों का प्रयोग किसी भी खाद्य सामग्री में नहीं किया जा सकता।
इसके अलावा दूध, ताजे फल-सब्जियों, शिशु आहार (Infant Food), प्राकृतिक जूस, पिसे मसालों, सादी ब्रेड और खाद्य तेलों में किसी भी प्रकार का कृत्रिम रंग मिलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।