गोरखपुर: रबी फसलों की बोआई के लिए 50% अनुदान पर बीज, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
गोरखपुर। रबी सीजन की बोआई शुरू होते ही कृषि विभाग ने किसानों को राहत देनी शुरू कर दी है। जिले में किसानों को गेहूं, चना, मटर, मसूर और राई-सरसों जैसे उन्नत बीज 50 प्रतिशत तक के अनुदान (Subsidy) पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना का लाभ लेने के लिए किसान ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
कृषि विभाग की ओर से जिले के लिए 22,191 क्विंटल गेहूं का लक्ष्य रखा गया है, जिसके मुकाबले अब तक 1,014 क्विंटल की बुकिंग हो चुकी है। इसके अलावा 27 क्विंटल चना (8 क्विंटल बुक), 92 क्विंटल मटर (5 क्विंटल बुक), 110 क्विंटल मसूर (80 किलोग्राम बुक) और 18 क्विंटल राई-सरसों (22 किलोग्राम बुक) के लिए किसान लगातार ऑनलाइन बुकिंग करा रहे हैं।
वहीं, मुफ्त बीज वितरण योजना के तहत तोरिया (500 पैकेट), चना (200 पैकेट) और मटर (150 पैकेट) के लिए प्राप्त आवेदनों पर लॉटरी के जरिए पात्र किसानों का चयन कर बीज बांटे जा चुके हैं। इसके अलावा मसूर (733 पैकेट) और राई-सरसों (4,270 पैकेट) के मुफ्त बीजों के लिए आवेदन प्रक्रिया अभी भी जारी है, और लक्ष्य से अधिक आवेदन मिलने पर इनमें भी लॉटरी निकाली जाएगी।