Flower Farming Success Story: फूलों की खेती से चमकी किसान की किस्मत, 60 से ₹100 किलो तक मिल रहा भाव!
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले स्थित महमदपुर अचला गांव के रहने वाले किसान विपिन कुमार क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए एक मिसाल पेश कर रहे हैं। वे पिछले करीब 40 वर्षों से पारंपरिक फसलों (जैसे गेहूं, धान) के बजाय गेंदे के फूलों की खेती कर रहे हैं और इसी को अपनी आजीविका का मुख्य जरिया बनाया हुआ है।
विपिन कुमार के पास कुल तीन बीघा जमीन है, जिस पर वे पूरे ध्यान और लगन से गेंदे की फसल उगाते हैं।
कम लागत में बेहतर मुनाफा
विपिन कुमार के मुताबिक, गेंदे की खेती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी शुरुआत काफी कम लागत में की जा सकती है।
गेंदे के बीज और पौधों की शुरुआती लागत महज 1,000 रुपये से शुरू हो जाती है। वहीं, खाद, सिंचाई और देखभाल मिलाकर 3 बीघा खेत में पूरी फसल तैयार करने में कुल 2,000 से 2,500 रुपये तक का ही खर्च आता है। कम समय और सीमित बजट में तैयार होने वाली यह फसल किसानों को बाजार में फूलों की भारी मांग के चलते पारंपरिक खेती की तुलना में कई गुना अधिक मुनाफा देती है।
किसान के अनुसार, गेंदे की फसल करीब तीन महीने में तैयार हो जाती है। एक बीघा जमीन से लगभग दस क्विंटल तक फूलों का उत्पादन हो सकता है। फूल तैयार होने पर उन्हें तोड़कर बिक्री की जाती है। इसके बाद उसी खेत में दूसरी पौध की बुआई कर देते हैं, जिससे एक ही जमीन से लगातार उत्पादन लेने की कोशिश करते हैं.
गेंदे के फूलों की स्थानीय बाजार में अच्छी मांग है। शादी-विवाह और धार्मिक आयोजनों के दौरान फूलों की जरूरत बढ़ जाती है। विपिन कुमार की मानें तो, जिले के खरीदार खेत पर ही पहुंचकर फूल खरीद लेते हैं। अब दूसरे जिलों से भी उनके फूलों की मांग आने लगी है।
किसान बताते हैं कि गेंदे के फूलों का भाव 60 से 100 रुपये प्रति किलो तक मिल जाता है। उनके अनुसार, एक महीने में फूलों की बिक्री से करीब 60 हजार रुपये की आमदनी हुई। उन्होंने तीन बीघा जमीन में गेंदे की फसल से एक लाख रुपये की कमाई होने की बात भी कही है।
विपिन कुमार के अनुसार, गेंदे की फसल में रोग कम लगते हैं और इससे खेत की उर्वरक क्षमता भी बेहतर बनी रहती है। तैयार फूलों को बाजार तक ले जाने की परेशानी भी कम है, क्योंकि खरीदार खेत से ही फूल खरीद लेते हैं। उनका मानना है कि कम जमीन में भी सही फसल का चुनाव करके अच्छी कमाई की जा सकती है।