{"vars":{"id": "91925:5179"}}

गाजियाबाद में पराली जलाने पर अब खैर नहीं! किसानों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई, प्रशासन का सख्त आदेश

बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए मुख्यमंत्री के आदेश पर प्रशासन ने पराली, गन्ने की सूखी पत्तियां और दूसरा कचरा जलाने वालों पर सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार को मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस मामले की समीक्षा बैठक की। इसके बाद जिलाधिकारी ने साफ कहा कि नियम तोड़ने वालों पर एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के नियमों के तहत जुर्माना लगाया जाएगा और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
 

गाजियाबाद। बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए मुख्यमंत्री के आदेश पर प्रशासन ने पराली, गन्ने की सूखी पत्तियां और दूसरा कचरा जलाने वालों पर सख्ती बढ़ा दी है।

सोमवार को मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस मामले की समीक्षा बैठक की। इसके बाद जिलाधिकारी ने साफ कहा कि नियम तोड़ने वालों पर एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के नियमों के तहत जुर्माना लगाया जाएगा और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

कृषि विभाग के मुताबिक, जिले में कुल 8,526 हेक्टेयर जमीन पर धान की खेती होती है। यहां ज्यादातर धान की कटाई हाथ से ही की जाती है और किसान पराली का इस्तेमाल अपने पशुओं के चारे के लिए करते हैं। प्रशासन का कहना है कि इस साल अब तक आग लगाने की तीन घटनाएं सामने आई हैं। इनमें से कलछिना गांव में लेखपाल और कृषि विभाग की टीम ने जब जांच की, तो पता चला कि वहां फसल के अवशेष नहीं बल्कि फैक्ट्री का कचरा और ई-कचरा जलाया गया था।

हालात पर काबू रखने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तहसील, ब्लॉक, न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार नजर रखने और कहीं भी आग लगने पर तुरंत जानकारी देने का आदेश दिया है। खासतौर पर डासना देहात, नाहल, अतरौली, तलहेटा, भोजपुर, रावली कलां, असालतपुर और चिरौड़ी न्याय पंचायतों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पराली प्रबंधन के लिए जागरूकता अभियान

कृषि विभाग की ओर से किसानों को पराली जलाने के बजाय उचित प्रबंधन के लिए जागरूक किया जा रहा है। न्याय पंचायत स्तर पर कृषक गोष्ठियां आयोजित करने के साथ कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

गांवों में प्रचार वाहन चलाए जा रहे हैं और सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग व दीवारों पर जागरूकता संदेश लिखवाए जा रहे हैं। खेतों में प्रदर्शन, मुनादी और लाउडस्पीकर के माध्यम से भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। गन्ने की सूखी पत्तियां जलाने पर रोक के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

कृषि विभाग ने किसानों से पराली और गन्ने की पत्तियां नहीं जलाने तथा कृषि यंत्रों से उनका उचित प्रबंधन करने की अपील की है। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति और जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रोका जा सकेगा।