{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Noida Metro: नोएडा-ग्रेटर नोएडा को नई एक्वा लाइन की सौगात, मोदी कैबिनेट ने दी मंजूरी

नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट (ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4) के बीच बहुप्रतीक्षित मेट्रो एक्वा लाइन विस्तार परियोजना को केंद्र सरकार ने अपनी अंतिम मंजूरी दे दी है। लगभग 2,390 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार होने वाला यह 8.5 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो रूट नोएडा सेक्टर-51 को सीधे ग्रेटर नोएडा वेस्ट से जोड़ेगा।
 

Noida Metro: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट (ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4) के बीच बहुप्रतीक्षित मेट्रो एक्वा लाइन विस्तार परियोजना को केंद्र सरकार ने अपनी अंतिम मंजूरी दे दी है। लगभग 2,390 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार होने वाला यह 8.5 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो रूट नोएडा सेक्टर-51 को सीधे ग्रेटर नोएडा वेस्ट से जोड़ेगा।

इस नए कॉरिडोर पर 5 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे, जिसका मार्ग पर्थला चौक होते हुए गौर सिटी चौक और एक मूर्ति चौक तक जाएगा। दिल्ली-एनसीआर (NCR) में पब्लिक ट्रांसपोर्ट और यातायात सुविधाओं के विस्तार के लिहाज से इस मेट्रो लाइन को बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कब लिया गया फैसला?

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक में यह फैसला लिया गया है। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पिछले एक दशक में जिस तरह से आबादी तीन गुना बढ़ी है, उनमें इस पूरे क्षेत्र में मेट्रो लाइन की जरूरत बढ़ गई थी। ऐसे में इस फैसले से इस क्षेत्र में रहने वाले करीब 24 लाख लोगों को फायदा मिलेगा।

नई लाइन कब बनकर होगी तैयार?

उनका कहना है कि यह लाइन चार सालों में तैयार हो जाएगी। यह पूरी तरह से एलीवेटेड लाइन बनायी जाएगी। खास बात है कि इनमें नोएडा सेक्टर 61 में ब्लू लाइन पर इंटरचेंज की सुविधा भी दी जाएगी। गौरतलब है कि इस नए मेट्रो लाइन के चालू होने पर नोयडा-ग्रेटर नोयडा में करीब 71 किमी लंबा सक्रिय मेट्रो रेल नेटवर्क स्थापित हो जाएगा।