Prayagraj Electric Bus Update: प्रयागराज में जल्द दौड़ेंगी 50 नई इलेक्ट्रिक बसें, स्टेनली रोड समेत इन रूटों पर सफर होगा आसान!
Prayagraj Electric Bus Update: शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुगम बनाने और यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा देने के लिए जल्द ही 50 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
इस नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को हर 15 मिनट के अंतराल पर बस उपलब्ध कराने की योजना है। नगर निगम द्वारा इन बसों के संचालन, चार्जिंग स्टेशन और रखरखाव से जुड़ी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इन इलेक्ट्रिक बसों को शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर चलाया जाएगा, जिनमें स्टेनली रोड, एमजी मार्ग, थार्नहिल रोड, लूकरगंज रोड, लीडर रोड और जीटी रोड समेत कई अन्य क्षेत्र शामिल हैं। अधिक से अधिक लोगों को सार्वजनिक परिवहन का लाभ पहुंचाने के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए जा रहे हैं। इस पहल से न केवल निजी वाहनों पर लोगों की निर्भरता कम होगी, बल्कि शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
नगर आयुक्त साईं तेजा ने बताया कि नगर निगम को जल्द ही 50 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध हो जाएंगी। इनके संचालन की तैयारियां की जा रही हैं। बसों के लिए स्टेशन और चार्जिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।