{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Prayagraj Aero City: एयरपोर्ट के पास बनेगी नई एयरो सिटी, 3 गांवों के 614 किसानों की जमीन अधिग्रहण की तैयारी; DPR तैयार!

यागराज। प्रयागराज एयरपोर्ट के आसपास आधुनिक सुविधाओं से युक्त 'एयरो सिटी' विकसित करने की तैयारी अब जमीन पर उतरने जा रही है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने इसकी डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के साथ ही टेक्निकल प्रेजेंटेशन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। इसके लिए जमीन अधिग्रहण का नोटिफिकेशन भी जारी किया जा चुका है।
 

प्रयागराज। प्रयागराज एयरपोर्ट के आसपास आधुनिक सुविधाओं से युक्त 'एयरो सिटी' विकसित करने की तैयारी अब जमीन पर उतरने जा रही है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने इसकी डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के साथ ही टेक्निकल प्रेजेंटेशन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। इसके लिए जमीन अधिग्रहण का नोटिफिकेशन भी जारी किया जा चुका है।

अब तीन गांवों के 614 काश्तकारों से 400 हेक्टेयर से अधिक जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके तहत पहले चरण में कटहुला गौसपुर, शेरपुर और जलालपुर घोसी के 332 किसानों की भूमि ली जाएगी, जबकि दूसरे चरण में कटहुला गौसपुर और शेरपुर के 282 किसानों से 102 हेक्टेयर से अधिक जमीन अधिग्रहीत की जाएगी। दोनों चरणों में अधिग्रहण पूरा होने के बाद तीसरे चरण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। एक हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में विकसित होने वाली यह टाउनशिप लखनऊ के गोमती नगर की तर्ज पर बसाई जाएगी और पीडीए की योजना इसे सात से आठ चरणों में पूरा करने की है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए शासन की ओर से चार माह पहले ही 100 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है। एयरपोर्ट के नजदीक विकसित होने वाली इस टाउनशिप में हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवासीय भूखंडों और मकानों के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त स्थान होगा। यहां बच्चों के मनोरंजन के लिए पार्क, स्विमिंग पूल, खेल के मैदान, शॉपिंग मॉल, स्कूल और अस्पताल जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

आईटी पार्क का दायरा भी बढ़ाने की तैयारी

एयरो सिटी में प्रस्तावित आईटी पार्क का आकार भी बढ़ाया जा सकता है। अभी इसके लिए 20 हेक्टेयर जमीन प्रस्तावित है, लेकिन भविष्य की जरूरतों और निवेश की संभावनाओं को देखते हुए इसे बढ़ाकर 30 से 40 हेक्टेयर तक करने पर विचार किया जा रहा है। इससे सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी कंपनियों और रोजगार के नए अवसरों के लिए जगह उपलब्ध हो सकेगी।

एयरो सिटी को साकार रूप देने की तैयारी तेज कर दी गई है। एक से दो दिन के भीतर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। तीन गांवों के 614 काश्तकारों से दो चरणों में भूमि अधिग्रहीत की जाएगी। डीपीआर का टेक्निकल प्रजेंटेशन पूरा हो चुका है।

  • विनीत कुमार सिंह, सचिव, पीडीए।