{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Prayagraj Metro: प्रयागराज मेट्रो को मिली DPR की मंजूरी, 60 KM रूट पर बनेंगे 45 स्टेशन; फाफामऊ से नैनी और झूंसी से बमरौली तक मिलेगी कनेक्टिविटी

प्रयागराज में मेट्रो चलने का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) और प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने इसका ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है। लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के तहत 60 किलोमीटर लंबे नेटवर्क में कुल 45 स्टेशन बनाए जाएंगे।
 

Prayagraj Metro: प्रयागराज मेट्रो को मिली DPR की मंजूरी, 60 KM रूट पर बनेंगे 45 स्टेशन; फाफामऊ से नैनी और झूंसी से बमरौली तक मिलेगी कनेक्टिविटी

प्रयागराज: प्रयागराज में मेट्रो चलने का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) और प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने इसका ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है। लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के तहत 60 किलोमीटर लंबे नेटवर्क में कुल 45 स्टेशन बनाए जाएंगे। पहले इस परियोजना में लाइट मेट्रो चलाने की योजना थी, लेकिन अब पारंपरिक मेट्रो चलाई जाएगी। स्टेशनों की संख्या 45 किए जाने के कारण प्रोजेक्ट का बजट 5,500 करोड़ से बढ़कर 12 हजार करोड़ रुपये पहुंच गया है।

राइट्स (RITES) एजेंसी ने संशोधित डीपीआर (DPR) यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार को सौंप दी है। फिलहाल UPMRC और प्रयागराज विकास प्राधिकरण मेट्रो डिपो के लिए नैनी में जमीन की पहचान करने में जुटे हैं। इसके अलावा, कुछ स्टेशनों के रास्ते में रक्षा भूमि आने के कारण रक्षा मंत्रालय से एनओसी (NOC) ली जाएगी, जिसके बाद अब इस डीपीआर को यूपी कैबिनेट और केंद्र सरकार की मंजूरी मिलना बाकी है।

प्रयागराज में दो बड़े मेट्रो कॉरिडोर

प्रयागराज मेट्रो नेटवर्क पूरे शहर को दो कॉरिडोर में बांटेगी. पहले कॉरिडोर में (ईस्ट-वेस्ट लाइन) में बमरौली एयरपोर्ट से झूंसी सिटी लेक फारेस्ट तक मेट्रो चलेगी. 39 किमी की लंबाई में 26 स्टेशन होंगे।यह रूट सीधे प्रयागराज हवाई अड्डे को मेन सिटी और गंगा पार के पूर्वी इलाके झूंसी से जोड़ेगा. प्रयागराज एयरपोर्ट, बमरौली, शमीन मार्केट, ट्रांसपोर्ट नगर, सूबेदारगंज, प्रयागराज जंक्शन, सिविल लाइंस बस अड्डा, मेडिकल कॉलेज चौराहा, संगम तट, आजाद नगर, झूंसी, त्रिवेणीपुरम और सिटी लेक फॉरेस्ट इसके स्टेशन होंगे

मेट्रो कॉरिडोर 2 : फाफामऊ से नैनी

प्रयागराज मेट्रो के नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर की 21 किमी लंबाई में 19 स्टेशन होंगे। मेट्रो लाइन गंगा के उत्तरी छोर फाफामऊ को यमुना पार के नैनी और छिवकी रेलवे स्टेशन से कनेक्ट करेगी। शांतिपुरम, गंगा नगर, MNNIT, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, कर्नलगंज, परेड ग्राउंड, मिंटो पार्क, नैनी बाजार रोड, नैनी और छिवकी रेलवे स्टेशन होंगे।

संगम तट पर रोपवे प्रोजेक्ट

इस मेट्रो प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत त्रिवेणी संगम तक मेट्रो स्टेशन से यात्री रोपवे है।परेड ग्राउंड मेट्रो नेटवर्क का मेन इंटरचेंज स्टेशन बनाया जा रहा है. परेड ग्राउंड पर दिल्ली के राजीव चौक जैसा मेट्रो विशाल हब बनेगा, जहां यात्री मेट्रो से सीधे रोपवे में बैठकर कुछ मिनटों में संगम तट तक पहुंचेंगे।