अब सरकार के खर्च पर पालें गाय! पशुपालकों को मिलेगा मुफ्त दूध, जानें इस खास योजना का पूरा गणित!
मुजफ्फरनगर। जनपद में बेसहारा गोवंश की समस्या का काफी हद तक समाधान कर लिया गया है। इसके तहत छह हजार गोवंश को गोशालाओं में संरक्षित किया गया है, जबकि 1,900 गायें पशुपालकों को सुपुर्दगी में दी गई हैं।
ये गायें पशुपालकों के घरों पर दूध दे रही हैं, जिससे उन्हें अपनी आजीविका चलाने और परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है। प्रत्येक गाय के भरण-पोषण के लिए सरकार प्रतिदिन 50 रुपये की सहायता राशि दे रही है, जो सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
जिले में कुल 2.10 लाख गोवंश हैं, जिनमें से छह हजार गोशालाओं में रह रहे हैं। प्रशासन के प्रयासों से जिले में सक्रिय गोशालाओं की संख्या अब घटकर केवल 27 रह गई है, जो दो साल पहले 65 थी। शासन के निर्देश पर कई छोटी गोशालाओं को बंद कर दिया गया है और वहां के गोवंश को अन्य बड़ी गोशालाओं की क्षमता बढ़ाकर उनमें स्थानांतरित कर दिया गया है। इन गोशालाओं में गाय, बछड़े, बछिया और सांड सभी संरक्षित हैं।
पशुपालन विभाग ने ईयर-टैगिंग की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 1,900 गायें पशुपालकों को सौंपी हैं, जिनमें अधिकांश लाभार्थी महिलाएं हैं। लाभार्थियों का चयन उनकी आर्थिक स्थिति के आधार पर ग्राम पंचायत प्रशासक और सचिव की रिपोर्ट के जरिए किया गया है। योजना के नियमों के तहत एक पशुपालक को अधिकतम चार गायें देने का प्रावधान है, जिसका लाभ जिले के एक हजार से अधिक परिवार उठा रहे हैं।
सरकार इन 1,900 गायों के भरण-पोषण पर हर महीने 28.50 लाख रुपये खर्च कर रही है, जबकि इनसे प्राप्त होने वाले दूध पर पशुपालकों का पूरा अधिकार है। कई पशुपालक इस दूध का उपयोग घरेलू जरूरतों के लिए करने के साथ-साथ इसे बेचकर अच्छी आमदनी भी कमा रहे हैं।
गांव बेहड़ा निवासी बिमलेश देवी ने बताया कि दो गाय गोशाला से पालने को मिली थी। 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से माह में भुगतान मिलता है। एक गाय का दूध परिवार पीता है और दूसरी का बेचकर घर का खर्च चल जाता है। मजदूरी कर हरे चारे का प्रबंधन करते हैं। खल, चोकर, चूरी का खर्च भरण पोषण के लिए मिल रही धनराशि से निकल जाता है।
काऊ सेंक्चुरी में 3,300 गोवंश
जनपद में कुल 27 गोशालाएं हैं, जिनमें से 10 शहरी क्षेत्र और शेष ग्रामीण अंचल में हैं। इन गोशालाओं में लगभग 2,700 गोवंश संरक्षित हैं। जबकि पुरकाजी क्षेत्र के गांव तुगलकपुर के जंगल में बनी काऊ सेंक्चुरी में 3,300 गोवंश संरक्षित हैं। जिले भर से गोवंश यहां संरक्षित किए गए हैं, जिससे बेसहारा गाेवंश की समस्या कम हुई है। यहां आधुनिक तकनीक से गोवंश का भरण पोषण किया जा रहा है।
इन्होंने कहा...
जनपद में 1,900 गाय सुपुर्दगी में दी गई हैं। 50 रुपये प्रति दिन प्रति गाय के आधार पर पशुपालक को दिया जा रहा है। योजना का लाभ लेने के लिए पशुपालक नजदीक के पशु स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं। किसानों और पशुपालकों से अपील है कि गाेवंश को खुल् न छोड़े। यदि बीमार है या दूध नहीं दे रहा है तो उसका केंद्र पर निश्शुल्क उपचार कराएं।
-डा. जितेंद्र गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी