11वीं के छात्र को लेकर भागी स्कूल वाली मैडम, परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत
यूपी के बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों ने स्कूल में पढ़ाने वाली 26 वर्षीय शिक्षिका पर उसे अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने 21 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
स्कूल में करीब एक साल से पढ़ा रही थी शिक्षिका
जानकारी के मुताबिक, किशोर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। उसके पिता स्कूल के प्रबंधक हैं। आरोप है कि स्कूल में करीब एक साल से पढ़ा रही शिक्षिका छात्र को अपने साथ ले गई। छात्र के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर छात्र के पिता ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस कर रही दोनों की तलाश
थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, शिक्षिका के खिलाफ शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस लोकेशन के आधार पर छात्र और शिक्षिका की तलाश कर रही है। मामले की विवेचना एसआई सुनील कुमार तिवारी को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना सामने आने के बाद विद्यालय और अभिभावकों के बीच भी चर्चा का माहौल है. शिक्षक और छात्र के बीच संबंधों की मर्यादा, विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और नाबालिगों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, मामले में शिक्षिका पर लगाए गए आरोप अभी जांच के दायरे में हैं और आरोपों की पुष्टि होना बाकी है.
पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें
फिलहाल पीड़ित परिवार की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं. परिवार अपने बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है. अब देखना होगा कि कप्तानगंज पुलिस कब तक छात्र और शिक्षिका का पता लगा पाती है और इस पूरे प्रकरण में जांच के दौरान कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं.
कप्तानगंज के प्रभारी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि नाबालिग बच्चे के गायब होने की सूचना पर एक महिला शिक्षिका के खिलाफ गंभीर धाराओं के मुकदमा दर्ज किया गया है, आरोपी शिक्षिका की तलाश की जा रही है, टीम संभावित जगहों पर छापेमारी कर रही है, कहा जल्द ही महिला को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.