{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Ardh Kumbh Security: आतंकी साजिश नाकाम करने की तैयारी, अर्द्धकुंभ में होगा हाईटेक सुरक्षा कवच!

हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेले को सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का एक व्यापक खाका तैयार किया है। मेले के दौरान आतंकी खतरों, संगठित अपराध, साइबर हमलों और लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एक मजबूत बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति बनाई जा रही है।
 

हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेले को सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का एक व्यापक खाका तैयार किया है। मेले के दौरान आतंकी खतरों, संगठित अपराध, साइबर हमलों और लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एक मजबूत बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति बनाई जा रही है।

निगरानी व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी), विस्तृत सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन और एंटी-ड्रोन प्रणाली विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, मुख्य स्नान पर्वों के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात संचालन और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग कार्ययोजनाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार में डीजीपी दीपम सेठ के निर्देशन तथा एडीजी (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन और एडीजी (प्रशासन) एपी अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मेले की सुरक्षा और व्यवस्थागत तैयारियों पर विस्तार से मंथन हुआ।

बैठक के दौरान मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल और हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतिकरण के जरिए अब तक की तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजनाओं का ब्यौरा साझा किया। वहीं, मेला आईजी योगेंद्र सिंह रावत और मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

इस दौरान संभावित आतंकी गतिविधियों और अन्य सुरक्षा चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए एटीएस, एसटीएफ, बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) और खुफिया इकाइयों की भूमिका की समीक्षा की गई। साथ ही, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और फर्जी संदेशों पर लगाम कसने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को और अधिक सक्रिय व प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक मार्गों और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था पर मंथन हुआ। बॉटलनेक प्वाइंट चिह्नित कर वहां भीड़ का दबाव कम करने की योजना बनाने को कहा गया।

पार्किंग स्थलों के चयन, हाईवे पर यातायात संचालन और अत्यधिक भीड़ की स्थिति में वैकल्पिक यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी की तैनाती, ट्रेनों के नियमन, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा हुई।

पुलिस बल की तैनाती और संसाधनों का आंकलन

अर्द्धकुंभ में सीएपीएफ, होमगार्ड, घुड़सवार पुलिस, जल पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की जरूरत का आंकलन कर समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के लिए आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था के साथ उनके प्रशिक्षण की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।

निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों और पुलिस लाइनों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और वाहनों, संचार उपकरणों और अन्य संसाधनों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों में मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। एडीजी डा. वी. मुरुगेशन और एपी अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल का संयुक्त निरीक्षण किया। आईजी नीलेश आनंद भरणे ने थाने-चौकियों, प्रमुख घाटों, हरकी पैड़ी के अस्थायी पुलों और संकरे मार्गों का जायजा लिया।

आईजी विम्मी सचदेवा ने संचार उपकेंद्रों और फायर स्टेशनों का निरीक्षण किया। आईजी व निदेशक यातायात और जीआरपी कृष्ण कुमार वीके ने हाइवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया और रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था देखी।

वहीं, आईजी मुख्यालय बरिंदरजीत सिंह ने निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। आइजी अनंत शंकर ताकवाले, आइजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, सुनील मीणा, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल, आईपीएस मणिकांत मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। देहरादून, पौड़ी और टिहरी के एसएसपी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।