कल का मौसम: अगले 24 घंटे में फिर बिगड़ेगा मौसम, इन राज्यों में भारी बारिश के साथ आंधी बरपाएगी कहर
देशभर से मानसून लौटने के करीब है। फिर भी कई राज्यों में तूफानी बारिश देखने को मिल रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने कल 9 अक्टूबर को देश के कई राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना जताई है।
यहां देखें मौसम विभाग का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग(IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance), जो मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल (troposphere) की पश्चिमी हवाओं में एक 'ट्रफ' (trough) के रूप में है और जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, अब लगभग 74°E देशांतर (longitude) के साथ 32°N अक्षांश (latitude) के उत्तर में स्थित है। निचले क्षोभमंडल स्तर में उत्तराखंड और उससे सटे हिमाचल प्रदेश के ऊपर एक 'अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन' (ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण) बना हुआ है।मौसम प्रणालियों में बदलाव के कारण कल 9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर के बीच कई राज्यों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
इन राज्यों में होगी भारी बारिश
IMD के मुताबिक कल 9 अक्टूबर को देश के विभिन्न हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। कुछ राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। कल दक्षिण भारत के केरल, माहे (Mahe), तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर भारत के उत्तराखंड राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पंजाब के कुछ इलाकों में तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।
हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम ?
कल 9 अक्टूबर को हरियाणा और दिल्ली में भी मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग ने यहां दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई हैय़
इन राज्यों में भी होगी झमाझम बारिश
इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9-11 अक्टूबर के दौरान, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में 9-10 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। झारखंड में 9-10 अक्टूबर, बिहार में 7-10 अक्टूबर और ओडिशा में 7-13 अक्टूबर के दौरान बारिश हो सकती है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 9-13 अक्टूबर के दौरान काफी ज़्यादा से लेकर व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं 13 अक्टूबर तक तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में, 9-10 अक्टूबर के दौरान उत्तर आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।