किरण बेदी की दो टूक: शादी टूट जाए तो कोई बात नहीं, मां बनना ही जिंदगी का मकसद नहीं; लड़कियां सपनों से क्यों करें समझौता?
Kiran Bedi Interview: शादी के बाद अक्सर महिलाओं से यह उम्मीद की जाती है कि वे नए घर के माहौल के हिसाब से खुद को पूरी तरह ढाल लें। पति के करियर, परिवार की जिम्मेदारियों और बच्चों की परवरिश की भागदौड़ में उनकी अपनी पहचान और इच्छाएं कहीं पीछे छूट जाती हैं। यहाँ तक कि नौकरी करने के लिए भी कई बार उन्हें पति या ससुराल वालों की अनुमति का इंतजार करना पड़ता है। लेकिन क्या एक महिला को अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने का हक नहीं है? पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने हाल ही में दो वीडियो के जरिए महिलाओं की आजादी, शादी और परिवार को लेकर बेहद जरूरी बातें कही हैं, जो रिश्तों में आपसी बराबरी की सख्त जरूरत पर खुलकर रोशनी डालती हैं।
शादी टूटती है तो टूटने दो, लेकिन खुद को मत खोओ
किरण बेदी कहती है कि अगर शादी में खुशियां नहीं हैं और रिश्ता लगातार परेशान कर रहा है, तो सिर्फ शादी बचाने के लिए उसमें बने रहने का कोई मतलब नहीं है। शादी टूटने का डर महिलाओं को अपनी पूरी जिंदगी समझौते में बिताने के लिए मजबूर कर देता है जो कि गलत है। आखिर कब तक कोई महिला सिर्फ परिवार और समाज के बारे में सोचकर अपनी खुशी को पीछे रख के जिएंगी। शादी तब अच्छी है, जब दोनों लोग एक-दूसरे को सम्मान और खुशी दे सकते हो।
बच्चे पैदा करना ही जिंदगी का मकसद नहीं
बच्चों को लेकर भी किरण बेदी ने एक जरूरी बात बोली। उन्होंने कहा कि बच्चे पैदा करना कोई बर्थ राइट नहीं है। कपल को तभी बच्चे के बारे में सोचना चाहिए, जब वो उसकी जिम्मेदारी उठाने के लिए रेडी हों। सिर्फ शादी हो गई है या परिवार वाले चाहते हैं, इसलिए बच्चे पैदा करना जरूरी नहीं है। बच्चे की परवरिश में समय, प्यार और दोनों माता-पिता की बराबर भागीदारी जरूरी होती है।
नौकरी के लिए पति की परमिशन क्यों लेनी पड़ती है
किरण बेदी ने महिलाओं के नौकरी करने को लेकर सवाल उठाया कि आखिर उन्हें काम करने के लिए पति से इजाजत क्यों मांगनी चाहिए। क्या पुरुष अपनी नौकरी के लिए पत्नी से परमिशन लेते हैं? अगर पुरुष अपनी मर्जी से काम कर सकते हैं, तो महिलाओं के साथ अलग व्यवहार क्यों होना चाहिए। महिला को भी अपनी पसंद का काम करने और करियर बनाने की आजादी मिलनी चाहिए। उसे अपने सपनों के लिए किसी के सामने बार-बार सफाई देने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
अपनी कमाई से पूरी होती है अपनी पहचान
महिला का कमाना सिर्फ घर के खर्च में मदद करना नहीं है। अपनी कमाई से वो अपनी छोटी-बड़ी जरूरतें पूरी कर सकती है, अपनी पसंद की चीजें खरीद सकती है और अपने मायके के लोगों की भी मदद कर सकती है। किरण बेदी की बातों में ये सोच भी सामने आती है कि महिलाओं को अपनी पॉकेट मनी के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। अगर ऑफिस जाकर काम करना संभव नहीं है, तो घर से भी काम किया जा सकता है। जरूरी है कि महिला के अंदर खुद की पहचान बनाने की चाह हो।
सास बहू के रिश्ते में एडजस्टमेंट की जिम्मेदारी
हर बार बहू ही एडजस्ट क्यों करे
सास-बहू के रिश्ते पर भी किरण बेदी ने सवाल उठाया। आखिर हर बार बहू से ही एडजस्ट करने की उम्मीद क्यों की जाती है। सास भी कभी बहू बनकर दूसरे घर आई थी, ऐसे में उसे भी बहू की परेशानियों और सपनों को समझना चाहिए। घर में तालमेल बनाने की जिम्मेदारी सिर्फ बहू की नहीं होती। पति और सास को भी महिला की नौकरी, पसंद और आजादी का सम्मान करना चाहिए। आखिर रिश्ता तभी अच्छा चलता है, जब दोनों तरफ से एक-दूसरे को समझने की कोशिश हो।