Self-Love or Self Doubt? आईने में खुद को बार-बार देखना घटा सकता है Confidence, जानें Psychology क्या कहती है!
अक्सर सड़क पर चलते समय किसी शोरूम के चमचमाते शीशे या पास खड़ी कार की खिड़की में अपना अक्स दिखते ही हमारे कदम पल भर के लिए ठिठक जाते हैं। अनजाने में ही हमारे हाथ बालों को संवारने, कॉलर ठीक करने या चेहरे पर एक नजर डालने के लिए उठ जाते हैं। पहली नजर में यह महज एक सामान्य-सी आदत लगती है, लेकिन मनोविज्ञान की दुनिया में इसके पीछे एक बेहद रोचक वजह छिपी है।
खुद पर केंद्रित होता ध्यान
मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि अचानक खुद का प्रतिबिंब सामने आते ही हमारा ध्यान आसपास के माहौल से कटकर सीधे अपने आप पर सिमट जाता है। साइकोलॉजी में इस प्रक्रिया को 'सेल्फ-फोकस्ड अटेंशन' कहा जाता है। इस स्थिति में व्यक्ति केवल शीशे में खुद को निहारता नहीं है, बल्कि अवचेतन रूप से अपनी पर्सनैलिटी और अपीयरेंस को परखने लगता है।
जब शीशा देखने से कम होता है कॉन्फिडेंस
क्या बहुत ज्यादा शीशा देखना हमारे लिए अच्छा है? इसे समझने के लिए साल 2024 में सिंगापुर के 63 यूनिवर्सिटी छात्रों पर एक खास रिसर्च की गई। इस स्टडी में पाया गया कि जब लोग शीशे में खुद को बहुत ज्यादा गहराई और बारीकी से परखते हैं, तो उन्हें अपने चेहरे और लुक्स में कमियां नजर आने लगती हैं। जिन लोगों को पहले से ही अपने लुक की थोड़ी फिक्र थी, उनका कॉन्फिडेंस खुद को बारीकी से देखने पर और ज्यादा गिर गया।
इसी बात को पुख्ता करने के लिए 2019 में 'बॉडी इमेज' जर्नल की एक और स्टडी के आंकड़े भी दिलचस्प हैं। इस प्रयोग में 51 लोगों को पांच मिनट तक शीशे के सामने खड़ा किया गया। जिन लोगों ने अपने शरीर या चेहरे के उस हिस्से पर फोकस किया जो उन्हें खुद पसंद नहीं था, उनके अंदर निराशा और शर्मिंदगी की भावनाएं पैदा हो गईं।
इन दोनों रिसर्च से एक बात बिल्कुल साफ है कि शीशा देखना कोई बुरी बात नहीं है, लेकिन खुद को क्रिटिकल नजरों से देखना आपके आत्मविश्वास को चोट पहुंचा सकता है।
क्या हमें लोगों की राय का डर होता है?
अगर कोई शीशे में झांक रहा है, तो क्या इसका हमेशा यही मतलब है कि वह दूसरों की राय से डरा हुआ है? बिल्कुल नहीं। कई बार यह सिर्फ एक ऑटोमैटिक आदत होती है। हम बस यह पक्का करना चाहते हैं कि हमारे कपड़े सही ढंग से पहने हुए हैं या बाल बिखरे तो नहीं हैं।
हालांकि, कई मामलों में इसका कनेक्शन पब्लिक सेल्फ-अवेयरनेस से भी होता है। यह इंसान की वह मानसिक स्थिति है जहां वह यह सोचता है कि सड़क से गुजरते हुए बाकी लोग उसे किस तरह देख रहे होंगे और उसका कैसा प्रभाव पड़ रहा होगा।
यह आदत कब बन जाती है परेशानी?
रस्ते में चलते हुए खुद पर एक उड़ती हुई नजर डालना पूरी तरह से नॉर्मल है। मनोवैज्ञानिक भी मानते हैं कि अपनी झलक देखने में कोई बुराई नहीं है। असली सवाल यह है कि आप खुद को देखकर कैसा महसूस करते हैं।
अगर आप कांच में खुद को देखते हैं, बाल ठीक करते हैं और बेफिक्र होकर आगे बढ़ जाते हैं, तो यह एक बहुत ही हेल्दी आदत है, लेकिन अगर आप बार-बार शीशे के पास रुककर खुद में कमियां ढूंढ रहे हैं, अपना लुक देखकर परेशान हो रहे हैं, या खुद को देखने से रोक नहीं पा रहे हैं, तो आपको थोड़ा सतर्क होने की जरूरत है।