Sapna Choudhary Controversy: पति वीर साहू संग रिश्तों में आई दरार? मारपीट की चर्चा के बीच मायके लौटने की खबर से मचा हड़कंप
Sapna Choudhary Faces Domestic Violence In Marriage: हरियाणा की मशहूर डांसर सपना चौधरी पिछले कुछ दिनों से अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। पति वीर साहू के साथ तलाक की अटकलों के बीच अब सपना चौधरी से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, 6 साल की शादीशुदा जिंदगी में घरेलू हिंसा का सामना कर रहीं सपना चौधरी का मामला दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में चल रहा था, जहां से उन्हें बड़ी राहत मिली है। खबरों के मुताबिक, पति वीर साहू से परेशान होकर सपना चौधरी अपने बच्चे के साथ ससुराल छोड़कर नजफगढ़ स्थित मायके लौट आई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सपना चौधरी और वीर साहू से जुड़े इस मामले की सुनवाई बीते मंगलवार को दिल्ली की द्वारका स्थित महिला कोर्ट में हुई। सपना ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि शादी के दौरान उनके साथ मारपीट हुई है और उन्हें भविष्य में भी ऐसी घटनाओं का डर है। इस पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी निधी सिंह ने फैसला सुनाते हुए वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से किसी भी तरह का संपर्क न रखने का आदेश दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि वीर साहू सपना चौधरी के घर, दफ्तर या किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम व फिल्म प्रीमियर में नहीं जा सकेंगे।
सपना चौधरी ने कोर्ट को दिखाई अपनी चोट
सपना चौधरी (Sapna Choudhary) ने कोर्ट में सुनवाई के वक्त अपनी चोट की तस्वीरें दिखाईं, साथ ही ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पेश किये। अदालत ने सपना चौधरी द्वारा दिये गए कई सबूतों को देखा, जिसके बाद कोर्ट ने सपना चौधरी को अंतरिम सुरक्षा देने का फैसला भी किया है। इस केस की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होनी है। सपना चौधरी की वकील प्रीति सिंह ने कोर्ट में दलील दी है कि 10 जून को सपना चौधरी की फिल्म का प्रीमियर होने वाला है, जहां उनके पति वीर साहू द्वारा आकर हंगामा करने की भी आशंका है। हालांकि कोर्ट ने वीर साहू के सपना चौधरी के आसपास भी मौजूद होने पर प्रतिबंध लगा दिया है।