हरियाणा में भ्रष्टाचार पर ACB का शिकंजा, कोर्ट कर्मचारी रिश्वत लेते पकड़ा गया
हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV एवं ACB) की टीम ने नारनौल अदालत में तैनात एक अहलमद को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुमन कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अदालत के एक फैसले की प्रमाणित प्रति उपलब्ध करवाने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
फैसले की प्रमाणित कॉपी के लिए मांगे थे 3 हजार रुपये
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने SV एवं ACB को दी शिकायत में बताया कि नारनौल कोर्ट में अहलमद के पद पर तैनात सुमन कुमार उससे 3 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। यह रकम एफआईआर नंबर 44/2019, थाना सदर नारनौल से जुड़े मामले में 30 अक्टूबर 2026 को सुनाए गए फैसले की प्रमाणित प्रति उपलब्ध करवाने के बदले मांगी गई थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB नारनौल यूनिट ने मामले की जांच करते हुए जाल बिछाया। निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी सुमन कुमार को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज
इस मामले में थाना SV एवं ACB गुरुग्राम में एफआईआर नंबर 49, दिनांक 18 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी सुमन कुमार न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMIC) श्री गौरव की अदालत में अहलमद के पद पर तैनात था।
इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
ACB की इस ट्रैप कार्रवाई को इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह, प्रभारी SV एवं ACB यूनिट नारनौल के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी के तौर पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED), नारनौल के कार्यकारी अभियंता जितेंद्र हुड्डा मौजूद रहे।
पूरी ट्रैप प्रक्रिया भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के तहत पूरी की गई। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
##