अंबाला के गांवों में गूंजेगा 'वोट बचाओ-देश बचाओ' का नारा, कांग्रेस का बड़ा अभियान
अंबाला के नारायणगढ़ क्षेत्र में लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस ने एक बड़ी मुहिम का शंखनाद कर दिया है। शुक्रवार को हल्का नारायणगढ़ के ब्लॉक शहजादपुर स्थित पतरेहड़ी गांव में एक विशेष चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान के जरिए आम नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना और लोकतंत्र की मजबूती सुनिश्चित करना है।
इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के प्रभारी रवि जोशी और अंबाला जिला प्रभारी दिव्यांशु बुद्धिराजा ने मुख्य रूप से शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष दुष्यंत चौहान और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक राणा ने की। इस दौरान नेताओं ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में जनता की सबसे बड़ी शक्ति उसका वोट है और इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
मतदान के अधिकार की रक्षा ही असली चुनौती
चौपाल को संबोधित करते हुए एआईसीसी प्रभारी रवि जोशी ने कहा कि संविधान द्वारा दिया गया मतदान का अधिकार ही एक आम नागरिक की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें और मतदाता सूचियों पर पैनी नजर रखें, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से न कटे। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अधिकार की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वहीं, दिव्यांशु बुद्धिराजा ने अभियान की विस्तार योजना साझा करते हुए कहा कि 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान अब अंबाला जिले के कोने-कोने तक पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी प्रत्येक गांव में चौपाल लगाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी। जिला अध्यक्ष दुष्यंत चौहान ने भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस अभियान को लेकर भारी उत्साह है और चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना जाएगा।
ब्लॉक अध्यक्ष दीपक राणा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहजादपुर ब्लॉक के प्रत्येक गांव में इस अभियान को पूरी मजबूती के साथ चलाया जाएगा। इस अवसर पर अशोक मेहता, राम सिंह कोडवा, राजेश कुमार, नीरज और रोहित शर्मा सहित कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।