{"vars":{"id": "91925:5179"}}

पशुपालन विभाग के लिए 150 लाख सीरिंज की खरीद को मिली मंजूरी, टीकाकरण अभियान को मिलेगी रफ्तार

पशुपालन विभाग के लिए 150 लाख सीरिंज की खरीद को मिली मंजूरी, टीकाकरण अभियान को मिलेगी रफ्तार
 

चंडीगढ़, 17 नवंबर - हरियाणा के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में आज चंडीगढ़ में हाई पावर परचेज कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के सरकारी पशु अस्पतालों और औषधालयों के लिए लगभग 1.72 करोड़ रुपये की लागत से 150 लाख (1.5 करोड़) सीरिंज की खरीद को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। इन सीरिंजों का मुख्य उपयोग राज्य भर में पशुओं को संक्रामक और जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए चलाए जाने वाले व्यापक टीकाकरण अभियानों और नियमित इलाज में किया जाएगा। विशेष रूप से पशुओं में तेजी से फैलने वाले मुंह-खुर रोग और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए इनकी आवश्यकता रहती है।

इस अवसर पर पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुधन का विशेष महत्व है और यह किसानों की आय का एक प्रमुख साधन है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार पशुपालकों की आमदनी को दोगुना करने और उनके पशुधन को हर प्रकार की बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में सरकार द्वारा समय-समय पर विशेष नि:शुल्क टीकाकरण अभियान और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं।

श्री राणा ने आगे कहा कि पशुओं के बीमार होने पर पशुपालकों को न केवल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, बल्कि दूध उत्पादन पर भी विपरीत असर पड़ता है। इसलिए सरकार का ध्यान इलाज के साथ-साथ बीमारियों की अग्रिम रोकथाम पर है। राज्य सरकार द्वारा पशुधन के समग्र विकास, नस्ल सुधार और पशुपालकों के आर्थिक उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ प्रदेश के लाखों किसानों और पशुपालकों को मिल रहा है। खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द इन सीरिंजों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि आगामी टीकाकरण कार्यक्रम बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संपन्न हो सके।