{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हर जरूरतमंद तक कानूनी सहायता पहुंचाएगी जागरूकता मोबाइल वैन: सीजेएम पवन कुमार

हर जरूरतमंद तक कानूनी सहायता पहुंचाएगी जागरूकता मोबाइल वैन: सीजेएम पवन कुमार
 

सीजेएम ने एडीआर सेंटर से मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

भिवानी, 02 नवंबर।

प्रत्येक व्यक्ति को उसके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), भिवानी द्वारा कानूनी जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं प्राधिकरण की चेयरमैन डॉ. गगनदीप कौर सिंह के मार्गदर्शन मे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार ने जिला न्यायालय परिसर से जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सीजेएम पवन कुमार ने कहा कि मोबाइल वैन के माध्यम से जिले के विभिन्न गांवों में नवम्बर माह में कानूनी जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। इसके तहत कानूनी जागरूकता शिविरों का आयोजन पैनल अधिवक्ताओं तथा अधिकार मित्रों (पैरा लीगल वालंटियर्स) द्वारा किया जाएगा।उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, श्रमिकों और समाज के अन्य जरूरतमंद वर्गों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। मोबाइल वैन के जरिए प्राधिकरण के संदेश ‘न्याय सबके लिए’ को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि जरूरतमंदों को न्याय प्राप्त करने में आसानी हो।

उन्होंने बताया कि कानूनी जागरूकता मोबाइल वैन अभियान पूरे नवंबर माह चलेगा। अभियान की शुरुआत दो नवंबर को गांव सिकंदरपुर, मिलकपुर व जीताखेडी से शुरू होकर 30 नवंबर को मोतीपुरा, लीलास व ढाणी सिलवाली गांवों में समापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चेक बाउंस मामलों के अधिक से अधिक निपटारे के लिए 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत अभियान आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 12 दिसंबर को चौथी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। पवन कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले जागरूकता शिविरों में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। शिविरों में संवैधानिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों, विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, नालसा की योजनाओं, हरियाणा मुआवजा योजना, विभिन्न कानूनी विषयों तथा प्राधिकरण की सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही स्थायी लोक अदालत के माध्यम से जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नालसा की राष्ट्रीय हेल्पलाइन 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भिवानी की हेल्पलाइन  01664-245933 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोग कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए इन नंबरों का उपयोग कर सकें। इस अवसर पर प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता, अधिकार मित्र तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

नवंबर माह में जागरूकता कार्यक्रम का शेड्यूल इस प्रकार प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार ने बताया कि जिले के विभिन्न गांवों में 30 नवंबर तक वैन टी-26 के माध्यम से गांवों में लोगों को कानूनी अधिकारों, नि:शुल्क कानूनी सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दो नवंबर को गांव सिकंदरपुर, मिलकपुर और जीता खेड़ी जागरूकता अभियान चलाया गया है। तीन को गांव खरकड़ी मखवान, थिलोड़ और आलमपुर, चार को रिवासा, ढ़ाणी रिवासा और धारण तथा पांच को दांग कलां व खुर्द और सांगवान गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार छह को गांव अलखपुरा, रतेरा और किरावड़, सात को बागनवाला, डाडम, छपार और जोगियान, 10 को बिडोला, बादलवाला और भारीवास गांव में शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 12 को ढ़ाणीटोड़ा, गिगनाऊ और सिंघानी तथा 13 को गोठड़ा, झांझड़ा श्योराण और बरालू, 16 को गांव बसीरवास, गागड़वास और बिसलवास में लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को खरकखड़ी, मनफरा और बुढेड़ा, 18 को सिरसी, चहड़ खुर्द और चहड़ कलां, 19 को बहल, सुरपुरा खुर्द और सुरपुरा कलां तथा 20 को गांव भानगढ़, लेघा और हेतमपुरा गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को ढ़ाणी बल्हारा, ढ़ाणी उनात और खेड़ा, 23  को धूलकोट, रूपाणा और बड़वा, 25 को गांव मोहिला, बख्तावरपुरा और गेंडावास तथा 26 को किकराल, ढ़ाणी रामजस और गुरेरा गांव में कार्यक्रम होंगे। 27 को शेरपुरा, गुढ़ा और कालोद तथा 30 नवंबर को गांव मोतीपुरा, लीलस और ढ़ाणी सिलेवाली में कानूनी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।