{"vars":{"id": "91925:5179"}}

भिवानी में प्रदीप नरवाल का भाजपा पर हमला, उठाए 4 बड़े सवाल

भिवानी में प्रदीप नरवाल ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज दबाने, वोट चोरी और प्रदूषण को लेकर निशाना साधा। प्रदीप गुलिया जोगी की FIR पर भी उठाए सवाल।
 

प्रदीप गुलिया जोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला: प्रदीप नरवाल

ईश्वर धामु /अटल हिन्द

भिवानी /13 नवंबर 2026 /

एआईसीसी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल के निवास पर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदीप नरवाल ने प्रदेश और देश से जुड़े विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान कर्मचारियों के समर्थन में आवाज उठाने पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी के खिलाफ दर्ज एफआईआर, वोट चोरी के मुद्दे, देश में बढ़ते वायु प्रदूषण और सोनिया गांधी द्वारा लिखित पुस्तक को लेकर विस्तार से विचार व्यक्त किए। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदीप नरवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की कार्यशैली लगातार लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हमेशा लोकतंत्र में उठने वाली आवाजों को दबाने का प्रयास किया है। पहले कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात किया जाता है और जब कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं तो उनकी आवाज सुनने के बजाय उनके समर्थन में खड़े होने वाले लोगों पर मुकदमे दर्ज करवाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी ने नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान उनके समर्थन में आवाज उठाई थी। ऐसे में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिहाज से चिंताजनक है। नरवाल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने, सरकार की नीतियों की आलोचना करने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जनता और कर्मचारियों की समस्याओं को सुने, न कि उनके पक्ष में बोलने वालों को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी नीतियों का विरोध करने वालों को मुकदमों के माध्यम से डराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस प्रकार की कार्रवाई को स्वीकार नहीं करेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। देश में वोट चोरी के मुद्दे पर बोलते हुए प्रदीप नरवाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से इस विषय को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कभी किसी बहाने तो कभी किसी दूसरे तरीके से इस मुद्दे को दबाने का प्रयास किया। लेकिन अब देश की जनता इस विषय को गंभीरता से समझने लगी है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वोट चोरी के जरिए सत्ता हासिल की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को देशभर में मजबूती से उठाएगी और जनता के सामने अपनी बात रखेगी। भाजपा चाहे कितने भी मुकदमे दर्ज करवा ले, कांग्रेस इस मुद्दे से पीछे हटने वाली नहीं है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। देशभर में बढ़ते वायु प्रदूषण और एक्यूआई के स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदीप नरवाल ने कहा कि प्रदूषण आज केवल किसी एक शहर या प्रदेश की समस्या नहीं रह गया है, बल्कि यह देश के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। पत्रकार वार्ता के दौरान सोनिया गांधी द्वारा लिखित पुस्तक का जिक्र करते हुए प्रदीप नरवाल ने उसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहराई से प्रकाश डाला गया है। पुस्तक में प्रस्तुत विचार और विषयों का विस्तार से अध्ययन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पुस्तक का महत्व उसके माध्यम से सामने आने वाले विचारों और विषयों की गंभीरता से समझा जा सकता है।