{"vars":{"id": "91925:5179"}}

भिवानी में अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम की मांग, क्या CM करेंगे घोषणा?

भिवानी में अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम की मांग तेज हुई। पर्यटन विकास मंच ने मुख्यमंत्री के 30 अक्टूबर के प्रस्तावित दौरे पर बड़ी घोषणा की उम्मीद जताई। जानिए पूरा मामला।
 

पर्यटन विकास मंच ने की भिवानी में अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम की मांग, सीएम आगमन पर घोषणा की जताई उम्मीद

देश को पदक विजेता खिलाड़ी देने वाले मिनी क्यूबा भिवानी को मिलनी चाहिए विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं : राजेश गारनपुरा

तोशाम, 27 अक्तूबर,(विष्णु दत्त शास्त्री)।

हरियाणा के मुख्यमंत्री के 30 अक्टूबर को भिवानी आगमन के मद्देनजर पर्यटन विकास मंच ने मिनी क्यूबा के नाम से मशहूर भिवानी में अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम के निर्माण की मांग को फिर से प्रमुखता से उठाया है। मंच के चेयरमैन राजेश गारनपुरा ने मुख्यमंत्री से भिवानी में अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा करने की मांग करते हुए कहा कि जिस भिवानी ने देश को अनेक प्रतिभाशाली और पदक विजेता खिलाड़ी दिए हैं, उसे अब विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं भी मिलनी चाहिए।       राजेश गारनपुरा ने कहा कि भिवानी को छोटी काशी के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी विशेष पहचान प्राप्त है। यहां के खिलाडिय़ों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। भिवानी की मिट्टी में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन खिलाडिय़ों को उनकी क्षमता के अनुरूप आधुनिक सुविधाएं और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब भिवानी देश को पदक विजेता खिलाड़ी दे सकता है, तो यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम बनाना जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय खेल स्टेडियम केवल खेल सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों युवा खिलाडिय़ों के भविष्य और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने से भी जुड़ा हुआ मुद्दा भी है।       चेयरमैन राजेश गारनपुरा ने कहा कि भिवानी में अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम का निर्माण होने से खिलाडिय़ों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। स्टेडियम बनने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल सकते हैं। इसके अलावा खेल पर्यटन, स्थानीय रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। यदि खिलाडिय़ों को बेहतर मैदान, आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाएं, तो वे अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।      गौरतलब होगा कि पर्यटन विकास मंच पहले भी भिवानी में अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम के निर्माण की मांग उठा चुका है। अब मुख्यमंत्री के 30 अक्टूबर को प्रस्तावित आगमन के अवसर पर इस मांग पर ठोस निर्णय लिए जाने की अपेक्षा है। चेयरमैन राजेश गारनपुरा ने मुख्यमंत्री से स्टेडियम निर्माण की घोषणा करने के साथ-साथ भूमि चयन, बजट आवंटन और निर्माण कार्य के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करवाने का आग्रह किया।