{"vars":{"id": "91925:5179"}}

कानूनी अभिभावकता के मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें अधिकारी: डीसी

कानूनी अभिभावकता के मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें अधिकारी: डीसी
 

भिवानी, 29 अक्टूबर।

हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग ने दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय न्यास अधिनियम, 1999 के तहत कानूनी अभिभावकता के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि विभाग के निर्देशों के अनुसार जिले में स्थानीय स्तरीय समिति (एलएलसी) की कार्यप्रणाली की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करेंगे। साथ ही, पात्र मामलों की पहचान कर उन्हें शीघ्र निपटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। कानूनी अभिभावकता ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी, बौद्धिक दिव्यांगता और बहु-दिव्यांगता से प्रभावित व्यक्तियों के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से उनके व्यक्तिगत देखभाल, उपचार, संपत्ति, वित्तीय मामलों और सरकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने से संबंधित निर्णयों में कानूनी सहायता मिलती है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में कानूनी अभिभावकता के मामलों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है। कानूनी अभिभावक की अनुपस्थिति में दिव्यांगजनों और उनके परिवारों को चिकित्सा सेवाओं, बैंक खातों, पेंशन, संपत्ति संबंधी निर्णयों तथा संस्थागत सहायता प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना ना पड़े इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा चुके है। उन्होंने बताया कि विभाग के निर्देशों में कहा गया है कि बौद्धिक दिव्यांगता, ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी और बहु-दिव्यांगता से प्रभावित व्यक्तियों के परिवारों पर विशेष ध्यान दिया जाए। इनमें वे परिवार भी शामिल हों, जो पहले से पेंशन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, विशेष शिक्षा सेवाओं, संस्थागत देखभाल या अन्य जिला कल्याण सेवाओं का लाभ ले रहे हैं।