{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा के आठ जिलों से गुजरेगी मुख्य यात्रा, शेष 15 जिलों से निकलने वाली उपयात्राएं भी होंगी शामिल

हरियाणा के आठ जिलों से गुजरेगी मुख्य यात्रा, शेष 15 जिलों से निकलने वाली उपयात्राएं भी होंगी शामिल
 

भिवानी, 22 नवंबर। लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की शिक्षाएं सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और मानव कल्याण की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने सदियों पहले समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता तथा सद्भाव के साथ रहने का मार्ग दिखाया था। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं। उनके 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा पूरे देश में सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है।

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह रविवार को भिवानी के स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुष किसी एक जाति, समुदाय या वर्ग विशेष के नहीं होते, बल्कि वे संपूर्ण राष्ट्र और मानवता की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके आदर्श समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय जनता पार्टी सभी समाजों के संतों, महापुरुषों और महान विभूतियों का सम्मान करती है तथा उनकी शिक्षाओं और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज ने ऐसे समतामूलक समाज की कल्पना की थी, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और गरिमापूर्ण जीवन प्राप्त हो। उनकी शिक्षाएं हमें सामाजिक भेदभाव समाप्त करने और सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सामाजिक समरसता और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प में भी इसी भावना की झलक दिखाई देती है।

हरियाणा के सभी जिलों तक पहुंचेगा सामाजिक समरसता का संदेश

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने बताया कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा आयोजित की जा रही है। पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से प्रारंभ हुई यह यात्रा लगभग 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित क्षेत्रों के लगभग 47 शहरों से गुजरेगी तथा वाराणसी स्थित सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में समरसता संकल्प यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को तीन दिनों में आठ जिलों—यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल—से होकर गुजरेगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश के शेष 15 जिलों से भी उपयात्राएं निकाली जाएंगी, जो निर्धारित स्थानों पर मुख्य यात्रा में शामिल होंगी। इस प्रकार पूरे हरियाणा के प्रत्येक क्षेत्र और सभी समाजों तक सामाजिक समरसता एवं भाईचारे का संदेश पहुंचेगा।

चौधरी धर्मबीर सिंह ने बताया कि 25 नवंबर को यात्रा यमुनानगर से हरियाणा में प्रवेश करेगी और अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। कुरुक्षेत्र के उमरी में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में संत समाज, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा सभी वर्गों के लोगों की व्यापक भागीदारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को यात्रा करनाल, पानीपत और सोनीपत से होकर गुजरेगी। सोनीपत के बहालगढ़ में भी जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद यात्रा उत्तर प्रदेश की ओर प्रस्थान करेगी। वहीं 28 नवंबर को यात्रा दिल्ली से पुनः हरियाणा में प्रवेश करेगी। फरीदाबाद में विशाल जनसभा के उपरांत यह पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर रवाना होगी।

समाज को जोड़ना ही यात्रा का मूल उद्देश्य

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य केवल महापुरुष की जयंती मनाना नहीं, बल्कि उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाकर समाज में परस्पर सम्मान, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। यह यात्रा किसी एक समाज या वर्ग तक सीमित नहीं है। इसमें सभी जातियों, वर्गों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा युवाओं और महिलाओं की भागीदारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान सदैव आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की रही है। यह यात्रा प्रदेश की इसी गौरवशाली परंपरा को और अधिक मजबूत बनाएगी। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों, विशेषकर भिवानी जिले के लोगों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में यात्रा से जुड़ें और सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के समानता तथा सामाजिक समरसता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने में योगदान दें।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष अशोक बिडलान, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा, जिला मीडिया सह-प्रभारी नितिन भारद्वाज, जिला आईटी प्रमुख अंकित पालुवास एवं  वरुण गौड़ सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।