{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स संस्कार और सेवा की अविरल धारा है: श्रुति चौधरी

हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स संस्कार और सेवा की अविरल धारा है: श्रुति चौधरी
 

हिन्दुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स ने विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं: श्रुति चौधरी

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने जुई में हिंदुस्तान स्काऊट्स एंड गाईड के सेंटर का किया उद्घाटन

कार्यक्रम में सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह भी हुए शामिल

चौ. धर्मबीर सिंह कहा : बदलते परिवेश में समाज को संभलना होगा और इसके लिए युवा पीढी को आगे आना होगा।

भिवानी/जूई,

प्रदेश की सिंचाई एवं जल संसाधन और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा है कि हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स केवल एक संस्था नहीं, बल्कि संस्कार और सेवा की एक अविरल धारा है।  यह अनुशासन का सौपान भी है। हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के कैडेट्स के लिए देशभक्ति कहने की बात नहीं बल्कि देशभक्ति का प्रमाण हैं। कोरोना काल में लोगों की सेवा और पर्यावरण संरक्षण में पौधारोपण में कैडेट्स ने मिसाल पेश की है, जो सराहनीय है। कैबिनेट मंत्री सरकारी/गैर सरकारी संगठनों, सरपंचों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया है कि वे बच्चों और युवाओं को सभी प्रकार की सामाजिक बुराईयों के उन्मूलन हेतू प्रशिक्षित कर तैयार करें, ताकि वे देश और समाज से कुरीतियों को समाप्त करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें और अधिक से अधिक पौधारोपण करें। कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को गांव जूई में हिन्दुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य प्रशिक्षण केंद्र के उदघाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहीं थी। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि उनके पिता चौ. सुरेंद्र सिंह एक्टिव स्काउट्स थे। अनेकों कैम्पों में उन्होंने भाग लिया। कैबिनेट मंत्री ने हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स को देश सेवा कर अपने कार्य को आगे बढाने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि यह संस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ कर रही है। उनके बौद्धिक और सामाजिक कौशल को भी निखार रही है। सबसे महत्वपूर्ण, उनके आध्यात्मिक विकास में मदद कर उन्हें स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक उत्तरदायी नागरिक बना रही है। कैबिनेट मंत्री ने हिन्दुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी उपलब्धियां हासिल की है, जिस कारण से प्रदेश में स्काउट्स एवं गाइड्स की निरंतर बढ़ोतरी हुई है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स न केवल एक संगठन है बल्कि एक आंदोलन है। संगठन द्वारा बच्चों और युवाओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया जाना देश को नई दिशा देने के बराबर है। उन्होंने कहा कि अनुशासन ही देश को महान बनाता है और युवाओं को अनुशासित होकर अपनी शक्ति का देशहित में प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है और दुनिया भारत को सम्मानजनक दृष्टि से देख रही है। इसके साथ-साथ पूरे विश्व को भारत के युवाओं में संभावनाएं नजर आने लगी है। उन्होनें स्काउट्स एवं गाइड्स के ट्रेनर व अन्य कैडेट्स को सम्मानित किया।   इससे पहले हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य सचिव नवीन जयहिंद ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। सरपंचों एवं जयहिंद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने पगड़ी पहनाकर कैबिनेट मंत्री का सम्मान किया। कैबिनेट मंत्री ने हवन यज्ञ में आहुति डालकर विश्व शांति की प्रार्थना की। समारोह में संस्था के राज्य सचिव नवीन जयहिंद ने संस्था की गतिविधियों के बारे में बताया। कार्यक्रम में स्काउट् प्रार्थना एवं गीत भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने खेती व घरेलू कार्य मे प्रयुक्त बर्तनों, औजारों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हरियाणवी लोक संस्कृति से जुड़े रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश की। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल रहा।

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि विकास के क्षेत्र में देश ने बहुत प्रगति की है। यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान हर क्षेत्र में आगे बढ़े हैं। पहले एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में आने- जाने में कई-कई दिन लग जाते थे, आज दुनिया छोटी हो गई है। विगत 12 वर्षों में तो देश ने रिकार्ड तरक्की की है लेकिन, खेद की बात है कि हमारी सामाजिक व्यवस्था पहले जैसी नहीं रही। समाज टूटने लगे हैं और सामाजिक बुराइयां काफी बढ़ गई हैं। विकास के साथ-साथ सामाजिक सदभाव जरूरी है। सामाजिक बुराईयों को मिटाना होगा। इस बदलते परिवेश में समाज को संभलना होगा और इसके लिए युवा पीढी को आगे आना होगा। सांसद ने कहा कि यहां लगाई गई प्रदर्शनी में पुराने औजार और घरेलू कार्य में प्रयोग होने वाला सामान दिखाया गया है। पहले खेत का कार्य हो या घर, फसल बुआई से कटाई तक मनुष्य परिश्रम करता था। इससे शरीर ठीक काम करता था, बीमारियां नजदीक भी नहीं आती थी। वहीं आज कोई ऐसा घर नहीं जिसमें दवाई न ली जाती हो, खाद्यान्न जहर युक्त हो गया है। सुबह उठते ही जहर खाना शुरू होता है। हजारों किस्म की बीमारियां आ गई हैं जिनका इलाज भी नहीं हो पा रहा है। सांसद ने कहा कि समय रहते संभलना होगा। सांसद ने लोगों से और प्राकृतिक खेती करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने दिया अपना संदेश समारोह में पूर्व शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, संत शिरोमणि हिंद रत्न डॉ. स्वामी सदानंद महाराज, पंचायत विभाग हरियाणा के निदेशक सुशील सारवान (आईएएस), गृह मंत्रालय से चित्रलेखा शर्मा, दिल्ली से फायर चीफ डॉ धर्मपाल भारद्वाज, एयर कमोडोर सुरेंद्र सिंह त्यागी, डॉ मुरलीधर शास्त्री, जयहिंद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने भी अपने विचार रखे। पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा व परमार्थ पीठाधीश्वर ऋषिकेश से स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज ने वर्चुअल माध्यम से विचार रखे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा के सुपुत्र गौतम शर्मा, प्रदीप गोलागढ़, कृष्ण लेघा, सत्यनारायण शर्मा, सुखविंदर दूहन, जूई कलां के सरपंच पवन रापडिय़ा, जूई खुर्द से सरपंच प्रतिनिधि अनिल रापडिय़ा, जूई बिचली के सरपंच प्रतिनिधि के तौर पर अनिल कुमार, सुरेंद्र  लाला, नवनीत शर्मा, यांकित शर्मा, रमेश ठेकेदार,अनिल कुमार, डॉ जय शंकर, संजय गोयल, संदीप कुमार, नरेश कुमार, राजेश शर्मा झाड़ली, दीपक शर्मा, ब्रह्मा सिहाग, अमित, वीरेंद्र कुमार, देवेंद्र, हरीश रोहिल्ला, सत्येंद्र, निर्मला, अजंता, कृष्ण कुमार, ज्योति, मीनाक्षी सहित अनेक संत महात्मा व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।