मीडिया एवं एनिमेशन विषय पर एक दिवसीय गेस्ट लेक्चर एवं कार्यशाला में विद्यार्थियों को रोजगारपरक अवसरों और आधुनिक तकनीकों से करवाया अवगत
भिवानी, 17 नवंबर। वीर शहीद कृष्ण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गांव तिगड़ाना में आज नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क के अंतर्गत वोकेशनल शिक्षा के तहत मीडिया एवं एनिमेशन विषय पर एक दिवसीय गेस्ट लेक्चर एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मीडिया, एनिमेशन एवं डिजिटल क्रिएटिविटी के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगारपरक अवसरों और आधुनिक तकनीकों से अवगत करवाना रहा।
इस दौरान विशेषज्ञ सुरेंद्र दहिया ने विद्यार्थियों को मीडिया एनिमेशन की बारीकियों, ग्राफिक डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग, डिजिटल कंटेंट निर्माण तथा एनिमेशन तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हुए इस क्षेत्र में कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने भाग लिया और विशेषज्ञ से मीडिया एवं एनिमेशन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं तथा उन्हें भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करती हैं।
इस अवसर पर प्रिंसिपल वंदना मेहता, वोकेशनल टीचर बलदेव प्रकाश (मीडिया), मीनू कुमार, मीनाक्षी वाधवा मौजूद रहे।