बच्चों की सुरक्षा और गरिमा की रक्षा करता है पॉक्सो एक्ट
पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक, बताए कानूनी अधिकार
डीएलएसए ने दो स्कूलों में किया जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन
भिवानी,
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) भिवानी की अध्यक्ष डॉ. गगनदीप कौर सिंह के मार्गदर्शन में बुधवार को जिले के दो स्कूलों में पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रति जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव डीएलएसए पवन कुमार तथा पीएमजेजेबी सोहन लाल मलिक की अध्यक्षता में पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और भिवानी पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई। कार्यशालाओं में डीएलएसए के पैनल अधिवक्ताओं, जिला बाल संरक्षण विभाग के बाल संरक्षण अधिकारी संदीप तथा साइबर सेल के वेलफेयर कोऑर्डिनेटर विष्णु परमार ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित वातावरण, व्यक्तिगत सुरक्षा और किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के महत्व के बारे में बताया।
पीएमजेजेबी सोहन लाल मलिक ने विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों को समझने के लिए प्रेरित किया। वहीं, सीजेएम पवन कुमार ने बताया कि पॉक्सो एक्ट-2012 का उद्देश्य 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन उत्पीडऩ, यौन शोषण, यौन दुर्व्यवहार और बाल अश्लील सामग्री से संबंधित अपराधों से सुरक्षा प्रदान करना है। यह अधिनियम बच्चों की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करता है।उन्होंने कहा कि यौन अपराधों से पीड़ित बच्चों की पहचान उजागर करना कानूनन प्रतिबंधित है। मीडिया सहित सभी लोगों को पीड़ित बच्चे की पहचान गोपनीय रखने संबंधी कानूनी प्रावधानों का पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी अनुचित व्यवहार या शोषण की स्थिति में विश्वसनीय अभिभावक, शिक्षक अथवा संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भिवानी के कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 01664-245933 पर संपर्क करके कानूनी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर कॉल करके पात्र व्यक्ति मुफ्त कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। कार्यशालाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूक करना, उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना तथा बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयासों को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर स्कूलों के अध्यापकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।