{"vars":{"id": "91925:5179"}}

निरीक्षण के दौरान एसडीएम महेश कुमार मार्केट कमेटी अधिकारियों व मंडी प्रधान से की बात

निरीक्षण के दौरान एसडीएम महेश कुमार मार्केट कमेटी अधिकारियों व मंडी प्रधान से की बात
 

एसडीएम महेश कुमार ने लिया अनाज मंडी में फसल खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

किसानों को मंडी में फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नही आने दी जाएगी:  एसडीएम

भिवानी, 13 अक्टूबर। एसडीएम महेश कुमार ने मंगलवार को स्थानीय नई अनाज मंडी का दौरा कर बाजरा फसल खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों की सुविधा, खरीद प्रक्रिया, फसल के उठान, मंडी में साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्केट कमेटी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में किसानों को लंब लाईनों में ना लगना पड़े, इसके लिए गेट पास, बायोमेट्रिक में दिक्कत नहीं आनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने बाजरा खरीद के बाद उसके उठान की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम महेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल मंडी में 94404 क्विंटल बाजरे की आवक हो चुकी है, जिसमें से 45300 क्विंटल बाजरे की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा बाजरे का 2900 रुपए प्रति क्विंटल एमसपी निर्धारित किया हुआ है। सरकार द्वारा 600 रुपए प्रति क्विंटल भावांतर भरपाई दी जा रही है। बाजरे की खरीद प्राइवेट हो रही है, जिसमें किसानों को 2300 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक के भाव मिल रहा है, शेष भावांतर राशि सरकार वहन करेगी। इस दौरान मार्केट कमेटी सचिव संदीप लोहान ने एसडीएम को जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को फसल की बोली नहीं लगाई जाती है। अमावस्या के दिन भी मंडी में किसान बाजरा लेकर नहीं आए। यही कारण रहा कि सोमवार को मंडी में भीड़ लगी, लेकिन अब स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि टोकन और बायोमैट्रिक में किसी प्रकार की परेशानी नही है। उन्होंने बताया कि परचेज के बाद बाजरे का उठान भी निरंतर रूप से हो रहा है, जिसमें करीब 2200 क्विंटल बाजरे का उठान हो चुका है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन करीब आठ से दस हजार क्विंटल बाजरे का उठान हो रहा है। वहीं एसडीएम महेश कुमार ने निरीक्षण के दौरान मंडी प्रधान नरेश भूरू से भी बात की और मंडी में आढ़तियों की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। एसडीएम ने कहा कि मंडी में सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने, पेयजल आदि को लेकर डीसी साहिल गुप्ता द्वारा जिला की सभी मंडियों के सचिव को निर्देश दिए जा चुके हैं। किसानों व आढ़तियों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।