यूजीसी के नए नियम के विरोध में 12 अक्टूबर को भिवानी में होगा जोरदार विरोध-प्रदर्शन : सुनील शर्मा
तोशाम, 09 अक्टूबर, (विष्णु दत्त शास्त्री)। भगवान परशुराम जनसेवा समिति की तोशाम ईकाई, अग्रसैन शिक्षा समिति तोशाम, पर्यटन विकास मंच आदि सहित विभिन्न संगठनों ने सरकार द्वारा यूजीसी में लाए गए नए नियमों का विरोध जताया है। वहीं संगठनों द्वारा सरकार से पुरजोर मांग करते हुए इस कानून को तुरंत प्रभाव से वापिस लेने की मांग की है, जिससे समाज में समरसता बनी रहे।
इस बारे में भगवान परशुराम जनसेवा समिति की तोशाम ईकाई के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर जंतर मंतर पर आंदोलन चल रहा है, समिति द्वारा आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया जाएगा। सुनील शर्मा का कहना था कि सरकार को कोई भी नया कानून लाने से पहले उस पर बारीकी से विचार किया जाना चाहिए, ताकि सर्व समाज का भला हो सके और सरकार को सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहिए। उनका कहना था कि यूजीसी के इस नए कानून से समाज में आपसी भाईचारा भी खराब होगा। अतः सरकार को जल्द से जल्द इस काले कानून को वापिस लेना चाहिए। सुनील शर्मा ने बताया कि 12 अक्टूबर सोमवार को भिवानी में इस काले कानून के विरोध में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने इस विरोध-प्रदर्शन में सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
अग्रसैन शिक्षा समिति तोशाम के प्रधान राजकुमार आलमपुरिया का कहना था कि इस बदले हुए नए नियम से देश की जड़ें खोखली हो जाएंगी, जिसके चलते सरकार को इस काले कानून को वापिस लेना देशहित में होगा, क्योंकि हमारा भारत देश सर्वधर्म देश है।
इस बारे में पर्यटन विकास मंच के चेयरमैन राजेश गारनपुरा का कहना था कि यह काला कानून वापिस नहीं लिया गया तो सर्वसमाज की और से बड़ा आंदोलन होगा, जिसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस यूजीसी के काले कानून को खत्म करवाने तक उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।