{"vars":{"id": "91925:5179"}}

 नेशनल मीन्स कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (NMMSS) परीक्षा का हुआ सफल संचालन

 


भिवानी, 29 नवंबर, 2026 :    हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आज राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृति योजना (NMMSS) परीक्षा का आयोजन करवाया गया। यह परीक्षा प्रदेशभर में 190  परीक्षा केन्द्रों पर नकल रहित सुचारू रूप से संचालित हुई। इस परीक्षा हेतु प्रदेशभर में 54,468  परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिसमें 22,068 छात्र व 32,400 छात्राएं शामिल हैं। यह परीक्षा प्रात: 11.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे तक संचालित हुई।


विस्तृत जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष डॉ० शंकर लाल धूपड़ ने बताया परीक्षा की शुचिता, विश्वसनीयता व गरिमा बनाए रखने के लिए प्रत्येक जिले में जिला प्रश्र पत्र उडऩदस्ते का गठन किया गया था। इन उडऩदस्तों द्वारा परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया जहां परीक्षा नकल रहित व शांतिपूर्वक चल रही थी। इसके अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा अपने-अपने जिले में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जहां परीक्षा सुचारू रूप से संचालित हो रही थी।


उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृति योजना (NMMSS) परीक्षा शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा चलाई जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सरकारी/अनुदान प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली गरीब छात्र/छात्राओं का चयन कर उनका शैक्षिक विकास करना है। इस योजना में चयनित हुए छात्र/छात्राओं को कक्षा नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं एवं बारहवीं कक्षा के लिए प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाती है।
-