{"vars":{"id": "91925:5179"}}

तोशाम निगाना फीडर टूटा, 150 एकड़ धान की फसल जलमग्न

तोशाम के बीरन गांव में निगाना फीडर टूटने से 150 एकड़ धान की फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने पानी निकासी, विशेष गिरदावरी और मुआवजे की मांग उठाई।
 

निगाना फीडर नहर टूटने से 150 एकड़ में पककर तैयार खड़ी फसल हुई जलमग्न, किसानों की महीनों की मेहनत बर्बादी के कगार पर

तोशाम, 30 अक्टूबर,(विष्णु दत्त शास्त्री)।

गांव बीरन में निगाना फीडर टूटने से किसानों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। फीडर से निकले पानी ने किसानों की महीनों की मेहनत को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है। इस हादसे में गांव के करीब 150 किल्ले धान की फसल जलमग्न हो गई है। खेतों में कहीं पककर तैयार खड़ी धान की फसल पानी में डूबी हुई है तो कहीं कटाई के बाद खेतों में पड़ी फसल पानी के बीच बर्बाद हो रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि किसानों को अपनी आंखों के सामने सालभर की मेहनत बर्बाद होते देखने को मजबूर होना पड़ रहा है।      फीडर टूटने से खेतों में पानी भरने के कारण अब किसानों के सामने केवल धान की फसल के नुकसान का ही संकट नहीं है, बल्कि आगामी रबी सीजन की बिजाई भी खतरे में पड़ गई है। खेतों में तालाब जैसा नजारा बना हुआ है और पानी की निकासी नहीं होने से जमीन लंबे समय तक जलमग्न रहने की आशंका है। किसानों का कहना है कि एक तरफ फसल बर्बाद हो रही है और दूसरी तरफ प्रशासन की बेरुखी उनकी परेशानी को और बढ़ा रही है।       सरपंच प्रतिनिधि जोगेंद्र फौगाट ने प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि निगाना फीडर टूटने से बीरन गांव के किसानों की जो बर्बादी हुई है, उसका जिम्मेदार कौन है। करीब 150 से अधिक किल्ले धान की फसल पानी में डूब चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। खेतों में पानी भरा होने के कारण अगली फसल की बिजाई की उम्मीद भी खत्म होती जा रही है। प्रशासन को चाहिए कि बिना देरी किए पानी की निकासी का प्रबंध करे और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दे। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।      पीडि़त किसान राजेंद्र यादव व महेंद्र ने कहा कि फीडर टूटने के बाद पानी का बहाव इतना तेज और अधिक है कि खेतों में तालाब जैसी स्थिति बन गई है। धान की फसल कहीं पानी में खड़ी है तो कहीं कटाई के बाद पानी में डूबी पड़ी है। किसान मजदूरों को लगाकर किसी तरह अपनी थोड़ी-बहुत फसल बचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पानी की मात्रा इतनी अधिक है कि हालात उनके नियंत्रण से बाहर हो चुके हैं। किसानों ने कहा कि धान की फसल बर्बाद होने के साथ-साथ अब आगामी रबी सीजन की फसल की बिजाई भी अधर में लटक गई है। खेतों में लगातार पानी जमा हो रहा है, लेकिन इसे रोकने और निकालने के लिए कोई प्रभावी प्रबंध दिखाई नहीं दे रहा। ऐसे में किसानों के सामने आर्थिक संकट के साथ-साथ भविष्य की खेती को लेकर भी गंभीर चिंता खड़ी हो गई है।   गांव बीरन के प्रभावित किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निगाना फीडर से आ रहे पानी को तुरंत रोका जाए तथा खेतों में जमा पानी की युद्धस्तर पर निकासी करवाई जाए। इसके साथ ही खराब हुई फसल की विशेष गिरदावरी करवाकर प्रत्येक प्रभावित किसान को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि किसानों को इस भारी नुकसान से कुछ राहत मिल सके।