{"vars":{"id": "91925:5179"}}

तोशाम बिजली संकट: 14 घंटे बाद अफसरों ने कैसे लौटाई बिजली?

तोशाम बिजली संकट के बीच 14 घंटे तक बिजली गुल रही। एसडीएम संदीप कुमार और डीएसपी दलीप सिंह ने मोर्चा संभाला। रात 10 बजे कैसे बहाल हुई बिजली? पढ़ें पूरी खबर।
 

तोशाम में प्रशासन ने संभाला बिजली मोर्चा, कस्बे सहित कई गांव में पूरे दिन से ठप्प पड़ी बिजली आपूर्ति देर रात्रि की सुचारू

एसडीएम संदीप कुमार, डीएसपी दलीप सिंह, नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने जनहित में रिस्क लेते हुए बिजली बोर्ड स्थित कंट्रोल रूम में जाकर अनुभवी लोगों की मदद से स्वयं चलाए बिजली सप्लाई वाले उपकरण

तोशाम, 23 अक्टूबर,(विष्णु दत्त शास्त्री)।

तोशाम में बिजलीकर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद ठप्प बिजली आपूर्ति को सुचारू करने के लिए स्वयं तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार और डीएसपी दलीप सिंह तथा नायब तहसीलदार अशोक कुमार सहित प्रशासन ने मोर्चा संभाला और घंटों तक स्वयं भागदौड़ कर तोशाम कस्बे में विभिन्न जगहों, सागवान, भूरटाना सहित कुछ गांव की बिजली आपूर्ति सुचारू की जोकि उनका यह कार्य काबिले तारीफ था। उल्लेखनीय है कि बिजलीकर्मियों की हड़ताल के चलते वीरवार सुबह से ही तोशाम कस्बे सहित विभिन्न गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप्प पड़ी थी। पूरा दिन बिजली सप्लाई न होने से तोशामवासी शाम तक पूरी तरह से तंग आ चुके थे और अब बारी थी पूरी रात मच्छरों से दो-दो हाथ जंग लड़ने की। लेकिन इसी बीच आमजन की सुविधा के लिए बिजली सप्लाई करने का मोर्चा तोशाम प्रशासन ने पूरी तरह से संभाल लिया और तोशाम की बिजली आपूर्ति सुचारू करने के लिए रात्रि में एसडीएम संदीप कुमार, डीएसपी दलीप सिंह और नायब तहसीलदार अशोक कुमार अपनी टीम के साथ गांव सागवान पहुंचे, जहां काफी मसक्कत के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हुई। तत्पश्चात प्रशासन की यही टीम तोशाम बिजली निगम प्रांगण में स्थित कंट्रोल रूम में पहुंची जहां से तोशाम के विभिन्न क्षेत्रों सहित विभिन्न गांव में होने वाली बिजली आपूर्ति पर नियंत्रण किया जाता है। लेकिन इस दौरान जानकारी का अभाव था लेकिन फिर भी तोशाम जलघर की बिजली आपूर्ति सुचारू करने में प्रशासन की टीम स्वयं कामयाब रही और टीम का कुछ हौसला बढ़ा। इसी दौरान प्रशासन द्वारा बिजली विभाग से संबंधित कुछ अनुभवी लोगों को मौके पर बुलाया गया जिनकी मदद से तोशाम एसडीएम संदीप कुमार, डीएसपी दलीप सिंह और नायब तहसीलदार अशोक कुमार की टीम ने तोशाम के विभिन्न क्षेत्रों सहित कुछ गांव की बिजली आपूर्ति देर रात्रि करीबन 10 बजे सुचारू रूप से चलाने में सफलता हासिल की। जैसे ही कस्बे में बिजली आपूर्ति सुचारू हुई तो कस्बे के लोगों ने राहत की सांस ली क्योंकि पिछले करीबन 14 घंटे से बंद बिजली आपूर्ति शुरू होने से उनका जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। प्रशासनिक टीम के द्वारा जनहित में उठाए गए इस रिस्की कदम की अनेक लोगों ने सराहना करते हुए टीम का धन्यवाद किया। वहीं शुक्रवार को भी पूरे दिन एसडीएम संदीप कुमार के नेतृत्व में प्रशासन की टीम झांवरी, मीरान आदि सहित अन्य जगहों पर बंद पड़ी बिजली आपूर्ति को सुचारू करने में जुटी रही।