Haryana News: पूर्व अग्निवीरों की बल्ले-बल्ले! ग्रुप-C भर्ती में लिखित परीक्षा से छूट, पुलिस समेत वर्दी वाली नौकरियों में 20% आरक्षण
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने पूर्व अग्निवीरों (Agniveers) के भविष्य को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। प्रदेश सरकार ने ग्रुप-सी के पदों पर सीधी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को सभी प्रकार की लिखित परीक्षाओं से पूरी तरह छूट देने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में बंपर आरक्षण और शारीरिक परीक्षणों में भी बड़ी राहत दी गई है। मानव संसाधन विभाग द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, यह व्यवस्था 1 सितंबर से लागू मान ली गई है, और इसके साथ ही 18 अगस्त को जारी किए गए पुराने निर्देश वापस ले लिए गए हैं।
खाकी वर्दी वाली नौकरियों में 20% आरक्षण और फिजिकल टेस्ट से छूट
सरकार के नए आदेशों के मुताबिक, कई महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती के दौरान पूर्व अग्निवीरों को शारीरिक स्क्रीनिंग टेस्ट (Physical Screening Test) से भी छूट दी जाएगी। साथ ही इन पदों पर उनके लिए भारी-भरकम आरक्षण का प्रावधान किया गया है:
20% क्षैतिज (Horizontal) आरक्षण: पुलिस कॉन्स्टेबल (गृह विभाग), आईआरबी कॉन्स्टेबल, एसडीआरएफ कॉन्स्टेबल, वन रक्षक, वन्यजीव रक्षक, जेल वार्डर, माइनिंग गार्ड और फायर ऑपरेटर-कम-ड्राइवर के पदों पर पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। इन पदों पर श्रेणियों के हिसाब से रोस्टर पॉइंट भी तय कर दिए गए हैं।
5% आरक्षण (अन्य ग्रुप-सी पद): ग्रुप-सी के अन्य चिह्नित पदों पर 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
1% आरक्षण (ग्रुप-बी पद): कौशल विशेषज्ञता (Skill Specialization) से जुड़े ग्रुप-बी पदों पर 1 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।
आरक्षण में सभी श्रेणियों का रखा गया है ध्यान
भर्ती प्रक्रिया के दौरान आरक्षण का लाभ देते समय वंचित अनुसूचित जाति (Deprived SC), अन्य अनुसूचित जाति, बीसी-ए (BC-A), बीसी-बी (BC-B), ईडब्ल्यूएस (EWS) और अनारक्षित (General) श्रेणियों के लिए तय प्रावधान पूरी तरह लागू रहेंगे।
खास बात यह है कि यदि किसी भर्ती के दौरान उपयुक्त पूर्व अग्निवीर उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होते हैं, तो उस पद को संबंधित ऊर्ध्वाधर (Vertical) आरक्षण श्रेणी के अन्य योग्य उम्मीदवारों से भरा जा सकेगा, ताकि कोई पद खाली न रहे। सेवा नियमों में जरूरत के हिसाब से तत्काल संशोधन भी किए जा रहे हैं।