{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा ग्रुप-D कर्मचारियों को बड़ा मौका! 30 अक्टूबर तक बदलें कैडर

हरियाणा सरकार ने विज्ञापन संख्या 4/2018 के तहत चयनित चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) कर्मचारियों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। काडर और विभाग बदलने की प्रक्रिया में कर्मचारियों के बीच बनी असमंजस की स्थिति को देखते हुए सरकार ने विशेष पोर्टल को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है
 

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने विज्ञापन संख्या 4/2018 के तहत चयनित चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) कर्मचारियों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। काडर और विभाग बदलने की प्रक्रिया में कर्मचारियों के बीच बनी असमंजस की स्थिति को देखते हुए सरकार ने विशेष पोर्टल को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। पात्र कर्मचारी अब 30 अक्टूबर तक अपना विकल्प जमा कर सकेंगे।

क्यों दोबारा खोलना पड़ा पोर्टल?

इससे पहले मानव संसाधन विभाग ने 17 जुलाई से 15 अगस्त तक कर्मचारियों को काडर चुनने का विकल्प दिया था। हालांकि, उस दौरान पोर्टल के मॉड्यूल में एक तकनीकी व भाषाई संदेश के कारण कर्मचारियों में यह भ्रम फैल गया था कि विकल्प चुनने पर उनकी मूल वरिष्ठता (Seniority) खत्म हो जाएगी। इसी संशय को दूर करते हुए सरकार ने अब वरिष्ठता के नियमों को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है।

वरिष्ठता (Seniority) को लेकर सरकार की स्थिति साफ:

कॉमन काडर में रहने पर: जो कर्मचारी कॉमन काडर (Common Cadre) में बने रहने का विकल्प चुनते हैं, उनकी वरिष्ठता एचएसएससी (HSSC) द्वारा तैयार की गई संयुक्त मेरिट लिस्ट के आधार पर ही तय होगी और उनकी वरिष्ठता प्रभावित नहीं होगी।

मूल विभाग में बने रहने पर: यदि कोई कर्मचारी 2024 के ट्रांसफर ड्राइव के बिना अपने मूल आवंटित विभाग में ही सेवा जारी रखता है और काडर से बाहर रहने का विकल्प चुनता है, तो उसकी वरिष्ठता संबंधित विभाग के सेवा नियमों व HSSC मेरिट के अनुसार बनी रहेगी।

तबादले के बाद वर्तमान विभाग चुनने पर: जिन कर्मचारियों का 2024 के तबादला अभियान के दौरान दूसरे विभाग में ट्रांसफर हो गया था और अब वे उसी नए विभाग में रहने का विकल्प चुनते हैं, उन्हें उस विभाग में नए सिरे से नियुक्त माना जाएगा और उनकी वरिष्ठता सूची में उनका नाम सबसे नीचे रखा जाएगा।

कैसे करें आवेदन?

पात्र कर्मचारी आधिकारिक पोर्टल (recruitment.groupd.csharyana.gov.in) पर जाकर 30 अक्टूबर तक अपना अंतिम विकल्प दर्ज कर सकते हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारी अपनी स्थिति और वरिष्ठता के नियमों को अच्छी तरह समझकर ही पोर्टल पर अपना सही विकल्प चुनें।