700 करोड़ का घोटाला: सीबीआई के शिकंजे में 4 आरोपी, कालका नगर परिषद के 18 करोड़ का हवाला कनेक्शन सीधे IAS के बेटे तक पहुंचा
चंडीगढ़/पंचकूला: हरियाणा के विभिन्न विभागों, चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी और क्रेस्ट सोसायटी में 700 करोड़ रुपये से अधिक के बहुचर्चित घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शिकंजा कसते हुए सोमवार को चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सेक्टर-35 के बर्तन कारोबारी गौरव कांसल के अलावा सिद्धार्थ नरूला, मोहित और मनोज शामिल हैं। सभी को पंचकूला की सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
कैश को ठिकाने लगाने में क्या थी गौरव की भूमिका?
जांच एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तार बर्तन कारोबारी गौरव कांसल ने सरकारी खातों से निकाली गई अवैध रकम को ठिकाने लगाने में अहम भूमिका निभाई। उसने पिछले दो वर्षों के दौरान आईडीएफसी बैंक के पूर्व ब्रांच मैनेजर और इस पूरे खेल के कथित मास्टरमाइंड रिभव ऋषि के साथ मिलकर 94 करोड़ रुपये इधर-उधर किए।
जांच में सामने आया है कि सरकारी खातों से निकाली गई रकम को सीधे खर्च करने के बजाय कई बैंक खातों से घुमाकर कैश में बदला जाता था, ताकि पैसे के स्रोत और अंतिम लाभार्थियों का पता न चल सके। गौरव 'कैश कन्वर्टर' के रूप में काम करता था। उसने 140 से अधिक लेन-देन के जरिए रिभव ऋषि के लिए सरकारी धन ठिकाने लगाया। अब सीबीआई उसके एक चचेरे भाई की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सीबीआई के अनुसार, 6 दिसंबर 2023 से 5 दिसंबर 2025 के बीच जाली कंपनियों (आरएस ट्रेडर्स, कैपको फिनटेक सर्विसेज और स्वास्तिक देश प्रोजेक्ट्स) से भारत डिस्ट्रिब्यूटर्स के खाते में 82 बार में 26.78 करोड़ रुपये भेजे गए। इसके बदले 66 लेन-देन के माध्यम से 25.18 करोड़ रुपये वापस भेजे गए और इस दौरान कैश का भी आदान-प्रदान किया गया। यह पूरी प्रक्रिया रिभव ऋषि के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कार्यालय से संचालित होती थी।
कालका नगर परिषद के 18 करोड़ और आईएएस के बेटे तक हवाला
इस मामले का सबसे सनसनीखेज पहलू 20 जनवरी 2026 की घटना से जुड़ा है। नगर परिषद कालका के खाते से 18.46 करोड़ रुपये उड़ाए गए। इसमें से 4 करोड़ रुपये एसआरआर प्लानिंग गुरुज के आरबीएल खाते में गए, जिसने उसी दिन 2.50 करोड़ रुपये मेगा स्टोर को भेज दिए। इसके बाद 21 और 22 जनवरी को स्वास्तिक फर्म ने 80 लाख और 1.10 करोड़ रुपये और ट्रांसफर किए।
आरोप है कि 22 जनवरी 2026 को रिभव ऋषि के कहने पर आरोपी मोहित गोयल ने अपने स्टोर और जानकारों के जरिए 2 करोड़ रुपये कैश का इंतजाम किया। यही 2 करोड़ रुपये उसी शाम हवाला चैनल के जरिए दिल्ली में एक आईएएस अधिकारी (आरके सिंह) के बेटे तक पहुंच गए। इस तरह कालका नगर परिषद का सरकारी पैसा महज 48 घंटे के भीतर कैश बनकर एक लोकसेवक के करीबियों तक पहुंच गया।
मोहित गोयल और चंडीगढ़ मेगा स्टोर का खेल
इस कार्रवाई में गिरफ्तार तीसरा मुख्य आरोपी सेक्टर-32डी स्थित 'चंडीगढ़ मेगा स्टोर' का मालिक मोहित गोयल है, जो सेक्टर-37बी का रहने वाला है। सीबीआई के अनुसार, मोहित अच्छी तरह जानता था कि आरएस ट्रेडर्स और कैपको फिनटेक सर्विसेज जैसी फर्जी फर्में रिभव ऋषि की ही हैं। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर रिभव ऋषि ने ही उसका बैंक खाता खुलवाया था।
रिकॉर्ड के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2023 से 28 जनवरी 2026 के बीच इन आरोपी फर्मों (आरएस ट्रेडर्स, कैपको फिनटेक, स्वास्तिक देश और एसआरआर प्लानिंग गुरुज) ने मोहित गोयल और उसकी दो फर्मों—चंडीगढ़ मेगा स्टोर और भगवती एजेंसीज—को 112 बार में कुल 59 करोड़ 50 लाख 47 हजार 515 रुपये भेजे। इसके एवज में उसने बैंक के जरिए सिर्फ 14 करोड़ 5 लाख 24 हजार रुपये ही वापस लौटाए, बाकी रकम को लेकर जांच जारी है। फिलहाल, सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि यह भारी-भरकम रकम किन-किन अन्य लोगों तक पहुंची और इससे कहां-कहां संपत्तियां खरीदी गईं।