रेवाड़ी की अस्मी ने 23 साल की उम्र में रचा इतिहास, देश की सबसे युवा बार काउंसिल सदस्य बनीं; निर्विरोध हुआ चयन
चंडीगढ़: हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली 23 वर्षीया अस्मी ने वकालत की दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया है। महज 23 साल की उम्र में अस्मी 'पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल' की सदस्य निर्विरोध चुन ली गई हैं। इसके साथ ही वह देश के किसी भी राज्य की बार काउंसिल में चुने जाने वाली सबसे कम उम्र की सदस्य और पहली जेन-जी (Gen-Z) प्रतिनिधि बन गई हैं। कानूनी क्षेत्र में युवाओं और महिलाओं के बढ़ते नेतृत्व के लिहाज से अस्मी की इस उपलब्धि को एक मील का पत्थर माना जा रहा है।
कैसे खाली हुआ था पद?
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के वकील मिंदरजीत यादव के जज बनने के बाद बार काउंसिल में एक सदस्य पद खाली (आकस्मिक रिक्ति) हुआ था। इस सीट के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें अस्मी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।
निर्विरोध निर्वाचन: सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को नामांकन दाखिल करने की समय सीमा समाप्त होने तक अस्मी के अलावा किसी अन्य प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया।
इसके बाद नामांकन वापसी का समय बीतने पर चुनाव अधिकारी प्रदीप परमार ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को शाम 4 बजे अस्मी के निर्विरोध निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा कर दी।
आपको बता दें कि अस्मी, जस्टिस मिंदरजीत यादव की ही सुपुत्री हैं।
दिग्गजों ने दी बधाई, महिला प्रतिनिधित्व में पंजाब-हरियाणा बार काउंसिल अव्वल
अस्मी की इस ऐतिहासिक जीत के बाद बार काउंसिल के अध्यक्ष अमित राणा और पूर्व अध्यक्ष डॉ. विजेंद्र सिंह अहलावत सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
अस्मी के चयन के साथ ही पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल में महिला सदस्यों की संख्या देश की अन्य सभी राज्य बार काउंसिलों में सबसे अधिक हो गई है।
युवा वकीलों के लिए बनीं प्रेरणा
महज 23 साल की उम्र में इतनी बड़ी संवैधानिक जिम्मेदारी संभालना अस्मी की व्यक्तिगत सफलता तो है ही, साथ ही यह देश के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है जो वकालत के क्षेत्र में अपना भविष्य बना रहे हैं। उनकी इस जीत ने यह संदेश दिया है कि बार काउंसिल की नीतियों और कामकाज में अब नई पीढ़ी का नज़रिया भी शामिल होगा।