Delhi-Karnal Namo Bharat Corridor: सराय काले खां से करनाल तक नमो भारत कॉरिडोर को मिली सैद्धांतिक मंजूरी, NH-44 पर बनेंगे 22 स्टेशन
Delhi-Karnal Namo Bharat Corridor: दिल्ली से हरियाणा के करनाल तक प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर परियोजना ने एक अहम पड़ाव पार कर लिया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यह कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां से करनाल तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) के साथ विकसित किया जाना है।
हालांकि, NHAI ने परियोजना को मंजूरी देने के साथ कई शर्तें भी रखी हैं। अब NCRTC को निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विस्तृत ड्राइंग और अन्य जरूरी दस्तावेज प्राधिकरण के पास जमा कराने होंगे। इनकी जांच और स्वीकृति के बाद ही संबंधित हिस्सों में काम शुरू करने की अनुमति मिलेगी।
NH-44 पर 15 से 127 किलोमीटर तक बनेगा कॉरिडोर
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मुख्य परियोजना प्रबंधक सुभाष कनौजिया ने NHAI को पत्र लिखकर सराय काले खां से करनाल तक नमो भारत कॉरिडोर के निर्माण के लिए सैद्धांतिक मंजूरी और एनओसी मांगी थी।
प्रस्ताव के अनुसार, NH-44 पर किलोमीटर 15.000 से 127.000 तक कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है। NHAI के डीजीएम विपिन कुमार ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी देते हुए निर्माण से पहले कई तकनीकी और सुरक्षा संबंधी शर्तें पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
पियर और स्टेशन निर्माण के लिए देनी होगी विस्तृत जानकारी
NHAI ने स्पष्ट किया है कि कॉरिडोर के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पियर यानी खंभों की स्थिति इस तरह तय की जाए कि भविष्य में NH-44 के मुख्य कैरिजवे और सर्विस रोड पर अतिरिक्त लेन बनाने की संभावना प्रभावित न हो।
प्रस्तावित स्टेशनों, टीबीएम टनल और स्टेशन बॉक्स के निर्माण से पहले NCRTC को विस्तृत मेथड स्टेटमेंट जमा करना होगा। इसमें निर्माण की प्रक्रिया और उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी देनी होगी।
इसके अलावा, मौजूदा सड़क और अन्य संरचनाओं का प्री-कंडीशन सर्वे तथा स्ट्रक्चरल हेल्थ इंस्ट्रूमेंटेशन भी सुनिश्चित करना होगा, ताकि निर्माण के दौरान किसी प्रकार के नुकसान की समय रहते पहचान की जा सके।
यूटिलिटी प्लान और सुरक्षा व्यवस्था की शर्त
NHAI ने NCRTC से प्रभावित क्षेत्र का व्यापक यूटिलिटी प्लान जमा कराने को कहा है। इसमें हाईवे की लाइटिंग, फुट ओवरब्रिज (FOB), नालियां, एंट्री-एग्जिट और गैस, पानी, सीवर व बिजली जैसी थर्ड-पार्टी यूटिलिटी की जानकारी शामिल करनी होगी।
प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्माण के दौरान NH-44 की मौजूदा संपत्तियों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। इनमें मुख्य सड़क, सर्विस रोड, पुल, पुलिया, मीडियन, क्रैश बैरियर, रोड फर्नीचर, पेड़-पौधे और अन्य बुनियादी ढांचा शामिल हैं। यदि निर्माण के दौरान किसी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है तो उसकी मरम्मत NCRTC को अपने खर्च पर करवानी होगी।
ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान भी होगा जरूरी
निर्माण कार्य शुरू करने से पहले NCRTC को विस्तृत ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान देना होगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कॉरिडोर निर्माण के दौरान NH-44 पर वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और सुचारु बनी रहे।
इसके लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, साइनेज, लाइटिंग और सुरक्षा इंतजाम करने होंगे। जरूरत के अनुसार ट्रैफिक रेगुलेशन की व्यवस्था भी करनी होगी।
NHAI की अनुमति के बिना हाईवे को प्रभावित करने वाला कोई भी निर्माण कार्य नहीं किया जा सकेगा। इसमें पियर फाउंडेशन, स्टेजिंग, निर्माण सामग्री का भंडारण और ट्रैफिक डायवर्जन जैसे काम शामिल हैं। साथ ही टोल संचालन और यातायात व्यवस्था को भी प्रभावित नहीं होने देना होगा।
दिल्ली से करनाल तक इन 22 स्थानों पर प्रस्तावित हैं स्टेशन
प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर पर कुल 22 स्थानों पर स्टेशन बनाए जाने की योजना है। इनमें दिल्ली और हरियाणा के प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।
- सराय काले खां
- इंद्रप्रस्थ
- कश्मीरी गेट
- झाड़ौदा
- भलस्वा चौक
- अलीपुर चौक
- नरेला
- कुंडली
- केएमपी
- बहालगढ़
- मुरथल
- बड़ी
- गन्नौर
- समालखा
- पानीपत ISBT
- पानीपत
- पानीपत सेक्टर-18
- गांजबड़-बड़ौली-कोहंड
- घरौंडा
- करनाल बाइपास
- करनाल सेक्टर-7
- करनाल न्यू ISBT
मंजूरी के बाद आगे क्या होगा?
NHAI की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद अब NCRTC को विस्तृत ड्राइंग, निर्माण योजना, यूटिलिटी प्लान और ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान सहित जरूरी दस्तावेज जमा कराने होंगे। प्राधिकरण की ओर से इनकी जांच और स्वीकृति के बाद ही निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की अनुमति दी जाएगी।
NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर चिराग मित्तल के अनुसार, दिल्ली और हरियाणा में NH-44 पर प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए प्राधिकरण की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
इस परियोजना के आगे बढ़ने से दिल्ली, सोनीपत, पानीपत और करनाल के बीच क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, निर्माण शुरू होने और पूरा होने की समय-सीमा को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।