Family Pension Case: पिता के निधन के बाद मां ने भी छोड़ा साथ, 15 साल के बच्चे ने फैमिली पेंशन के लिए CAT का दरवाजा खटखटाया; ट्रिब्यूनल ने दिए राहत के निर्देश
चंडीगढ़। कम उम्र में सिर से पिता का साया उठ जाना और फिर मां का दूसरी शादी कर छोड़ जाना—जिंदगी की ऐसी ही दर्दभरी और कठिन परिस्थितियों से लड़ रहे सोनीपत के एक 15 वर्षीय बच्चे ने हक के लिए चंडीगढ़ स्थित सेंट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्यूनल (कैट) का दरवाजा खटखटाया है।
मासूम के पिता डाक विभाग में पोस्टमैन थे। पिता के निधन के बाद अब बच्चे ने अपने नाम पर फैमिली पेंशन जारी करने की गुहार लगाई है। फिलहाल वह अपने बुजुर्ग नाना-नानी के सहारे रह रहा है, जिनकी ढलती उम्र और आर्थिक तंगी के कारण अब बच्चे का पालन-पोषण व पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है।
कैट ने बच्चे की स्थिति और याचिका की संवेदनशीलता को समझते हुए इसे मंजूर कर लिया है। ट्रिब्यूनल ने बच्चे को चार हफ्ते के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा करने को कहा है, साथ ही डाक विभाग को निर्देश दिया है कि वह नियमानुसार दो महीने के भीतर पेंशन के दावे पर अंतिम फैसला ले।
पिता के निधन और मां के पुनर्विवाह के बाद बंद हुई पेंशन
जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता डाक विभाग में बतौर डाकिया कार्यरत थे और 22 अगस्त 2010 को उनका निधन हो गया था। इसके बाद नियमानुसार उनकी पत्नी (बच्चे की मां) की फैमिली पेंशन शुरू हो गई। हालांकि, वर्ष 2014 में मां ने दूसरी शादी कर ली, जिसके बाद नियमानुसार उनकी पेंशन बंद हो गई।
मां के जाने के बाद परिवार ने बेटे को पेंशन देने की अर्जी लगाई। खुद मां ने भी विभाग को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि पेंशन की राशि बेटे को दी जाए, क्योंकि वह अपने नाना-नानी के पास रह रहा है।
डॉक्टर बनने का सपना, लेकिन आर्थिक तंगी बनी रोड़ा
10वीं कक्षा में पढ़ रहे इस बच्चे ने याचिका में बताया कि वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग भी ले रहा है। उसने बताया कि नवंबर 2014 से फरवरी 2025 के बीच परिवार ने कई बार डाक विभाग के चक्कर काटे और आवेदन दिए, लेकिन मामला लटका रहा। अब आर्थिक तंगी के कारण उसकी पढ़ाई रुकने की नौबत आ गई है।
दूसरी ओर, डाक विभाग ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि दावा लगभग एक दशक की देरी से किया गया है और इसके पीछे की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई। विभाग का कहना था कि सोनीपत डिवीजन के डाक अधीक्षक ने पेंशन प्रक्रिया के लिए कुछ जरूरी जानकारियां मांगी थीं, जो परिवार की तरफ से जमा नहीं कराई गईं।