{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा में 2.37 लाख करोड़ का निवेश, निवेशकों को मिलेगी जमीन, 250 एकड़ में बनेगा पार्क

हरियाणा में 2.37 लाख करोड़ रुपये के 123 निवेश एमओयू साइन हुए हैं। सरकार का 70% एमओयू धरातल पर उतारने का लक्ष्य है। 1.05 लाख करोड़ के निवेश पर काम शुरू, मानेसर में 250 एकड़ में बनेगा अर्बन हिडन पार्क।
 

Haryana Investment News: हरियाणा में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए सरकार ने बड़ी रणनीति तैयार की है। प्रदेश में निवेश के लिए हुए समझौतों (एमओयू) को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को कम से कम 70 प्रतिशत एमओयू को धरातल पर उतारने का लक्ष्य दिया है। इसके साथ ही निवेशकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाने और निवेश प्रस्तावों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

हरियाणा में 2.37 लाख करोड़ के 123 एमओयू साइन

हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने बुधवार को चंडीगढ़ सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में निवेश की स्थिति और नई उद्योग नीति के तहत हुए समझौतों की समीक्षा की।

मंत्री ने बताया कि जून महीने में हरियाणा इन्वेस्टर रोड शो और नई उद्योग नीति लॉन्च होने के बाद प्रदेश में 2 लाख 37 हजार करोड़ रुपये के 123 एमओयू साइन किए गए हैं। इसके अलावा 9,600 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश समझौते भी हुए हैं।

उन्होंने कहा कि इनमें से 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर काम शुरू हो चुका है। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक निवेश प्रस्तावों को जल्द वास्तविक औद्योगिक परियोजनाओं में बदला जाए।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाकर और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में योगदान दिया जा सकता है।

निवेशकों को उपलब्ध करवाई जाएगी जमीन और जरूरी सुविधाएं

उद्योग विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि जापान, सिंगापुर, मुंबई, करनाल और गुरुग्राम में नई उद्योग नीति के तहत हुए एमओयू का नियमित फॉलोअप किया जा रहा है।

निवेशकों को जमीन उपलब्ध करवाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईडीसी) की औद्योगिक संपदाओं के अलावा निजी जमीन के विकल्प भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके लिए अलग टीम गठित की गई है।

इसके अलावा निजी औद्योगिक पार्कों में भी निवेशकों को जमीन के विकल्प दिए जा रहे हैं। प्रदेश के प्रत्येक जिले में चार-चार उद्योग साथी नियुक्त किए गए हैं, जो निवेशकों को आवश्यक जानकारी और विभिन्न प्रक्रियाओं में सहयोग उपलब्ध करवाएंगे।

विभाग ने निवेश और औद्योगिक विकास से जुड़ी गतिविधियों को गति देने के लिए वित्त विभाग से 500 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट की मांग भी की है।

एमएसएमई को मिलेगा सब्सिडी और नई योजनाओं का लाभ

हरियाणा में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को बढ़ावा देने के लिए भी कई कदम उठाए जा रहे हैं। डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि प्लग एंड प्ले पॉलिसी के तहत एमएसएमई को 5 लाख रुपये की सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत निवेशक बायर के रूप में आएगा, न कि सेलर के रूप में। इसके साथ ही हरियाणा मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स प्लान और हरियाणा ईवी-कार्गो लॉजिस्टिक्स स्कीम के प्रस्ताव भी तैयार किए गए हैं।

मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को भारत सरकार से एमएसएमई के तहत मिलने वाली सब्सिडी के लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने फर्म एवं सोसायटी एक्ट के तहत लंबित याचिकाओं का समाधान करने और अधिनियम में जरूरी संशोधन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को भी कहा, ताकि आगामी विधानसभा सत्र में संशोधन प्रस्तुत किए जा सकें।

मानेसर में 250 एकड़ में विकसित होगा अर्बन हिडन पार्क

हरियाणा में औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में भी योजना बनाई जा रही है। एचएसआईडीसी द्वारा मानेसर में लगभग 250 एकड़ क्षेत्र में अर्बन हिडन पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

यह पार्क दिल्ली के लोधी गार्डन, नेहरू पार्क और अन्य अंतरराष्ट्रीय पार्कों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। परियोजना के पहले चरण में 83 एकड़ जमीन पर काम शुरू होगा। इसके लिए आरएफपी तैयार करने को संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, यह पार्क गुरुग्राम क्षेत्र के लिए ग्रीन लंग्स यानी हरित क्षेत्र के रूप में काम करेगा और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बैठक में उद्योग विभाग के महानिदेशक यश गर्ग, एचएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक विनय प्रताप सिंह, एमएसएमई के अतिरिक्त निदेशक भारत भूषण गोगिया सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

##