{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Haryana Assembly Session: हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र, सरकार-विपक्ष में होगी तीखी बहस; 3 दिन तक बढ़ सकती है अवधि

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के आगामी विशेष सत्र को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को प्रस्तावित इस सत्र के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अपनी-अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक की मंजूरी के बाद, विधानसभा सचिवालय ने सत्र बुलाने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
 
सियासी गलियारों में इस सत्र की अवधि दो से तीन दिन तक बढ़ाए जाने की भी चर्चा है, जिसके बाद इसे शीतकालीन सत्र में तब्दील किया जा सकता है। इस सत्र की पृष्ठभूमि पंचकूला में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन के दौरान बनी थी, जहां विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मुख्यमंत्री से विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री की सहमति और कैबिनेट की मुहर के बाद अब स्पीकर हरविन्द्र कल्याण सचिवालय के अधिकारियों के साथ मिलकर सदन की कार्यवाही और एजेंडे को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक दल ने आगामी सत्र के लिए अपनी रणनीति तैयार कर ली है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हुई विधायक दल की बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, खाद की कम उपलब्धता, एमएसपी, शिक्षा व्यवस्था और हरियाणा के जल अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने का निर्णय लिया गया है।

एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को भी कांग्रेस सदन में उठा सकती है। पार्टी की अगली विधायक दल की बैठक 25 नवंबर को चंडीगढ़ में प्रस्तावित है।

सत्तारूढ़ भाजपा भी विपक्ष की रणनीति का जवाब देने की तैयारी में है। पार्टी इसी सप्ताह विधायक दल की बैठक बुला सकती है, जिसमें विशेष सत्र की कार्ययोजना, सदन में उठाए जाने वाले विषयों और विपक्ष के सवालों के जवाब पर चर्चा होगी।

गौरतलब है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को यह लागू हुआ। ऐसे में इस विशेष सत्र में संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका पर चर्चा प्रमुखता से होने की संभावना है।