Haryana Fish Farming Scheme: हरियाणा में मछली पालक किसानों की हुई मौज, सरकार देती है दो लाख रुपये, सरकार दे रही 60% तक सब्सिडी!
चंडीगढ़। हरियाणा में अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को मछली पालन के लिए प्रथम वर्ष की पट्टा राशि पर सरकार की ओर से प्रति लाभार्थी 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर या पट्टे की वास्तविक राशि का 50 प्रतिशत (जो भी कम हो) अनुदान दिया जाएगा।
यह अनुदान केवल पंचायती तालाबों और सरकारी जलाशयों के लिए ही मान्य होगा। यह सहायता राशि सिर्फ पहले साल की पट्टा राशि पर मिलेगी और इसकी अधिकतम सीमा चार हेक्टेयर क्षेत्र पर दो लाख रुपये प्रति लाभार्थी तय की गई है।
मछली पालन के दूसरे और आगामी वर्षों की पट्टा राशि पर विभाग द्वारा प्रत्येक लाभार्थी को 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर या पट्टे की वास्तविक राशि का 40 प्रतिशत (जो भी कम हो) अनुदान के तौर पर दिया जाएगा।
यह अनुदान भी सिर्फ पंचायती तालाबों या सरकारी जलाशयों पर लागू होगा। इस श्रेणी में दूसरे से पांचवें वर्ष तक पट्टा राशि पर अनुदान मिलेगा, जिसकी अधिकतम सीमा चार हेक्टेयर पर एक लाख साठ हजार रुपये प्रति लाभार्थी होगी।
मछली पकड़ने के ठेके पर अनुदान योजना के अंतर्गत विभाग द्वारा जिले के अधिसूचित जल स्रोतों (नदी, नहरों और ड्रेन) में मछली पकड़ने के अधिकारों की हर साल नीलामी की जाती है। अधिसूचित जल स्रोतों में मछली पकड़ने का अधिकार मिलने पर अनुसूचित जाति के व्यक्ति को स्वीकृत बोली की 50 प्रतिशत राशि वित्तीय सहायता के रूप में दी जाएगी, जिसकी अधिकतम सीमा पांच लाख रुपये है।
इसके अतिरिक्त, खाद-खुराक पर अनुदान के तहत मत्स्य पालकों को कुल लागत एक लाख 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का 60 प्रतिशत या 90 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर (जो भी कम हो) अनुदान मिलेगा। इस मद में अधिकतम सीमा 4 हेक्टेयर पर 3 लाख 60 हजार रुपये प्रति लाभार्थी निर्धारित है। जाल खरीद पर अनुदान के तहत विभाग द्वारा लाभार्थी को मछली पकड़ने व मत्स्य पालन हेतु जाल खरीद पर 40 हजार रुपये के जाल खरीद पर 60 प्रतिशत या धनराशि 24 हजार रुपये प्रति लाभार्थी (जो भी कम हो) अनुदान के रूप में प्रदान किया जायेगा।
रेहड़ी, स्टोव व गैस चूल्हा, बर्तन आदि सहित पर अनुदान के तहत मत्स्य विभाग द्वारा अनुसूचित जाति के परिवारों को मछली एवं मछली उत्पाद की बिक्री हेतु रेहड़ी (स्टोव व गैस चूल्हा, बर्तन आदि सहित) इत्यादि पर अनुदान प्रदान करने का प्रविधान है।
इस मद में 60 हजार रुपये की रेहड़ी (स्टोव व गैस चूल्हा, बर्तन आदि सहित) की खरीद पर 60 प्रतिशत या अधिकतम धनराशि 36 हजार रुपये प्रति लाभार्थी (जो भी कम हो) अनुदान के रूप में प्रदान किया जायेगा। अनुसूचित जाति के व्यक्ति इस योजना का लाभ लेने हेतु संबंधित जिला मत्स्य अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।