हरियाणा को ₹399.85 करोड़ की सौगात! पेयजल, सीवर और विकास कार्यों की परियोजनाएं मंजूर, जानें किस शहर को क्या मिला
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने प्रदेश में पेयजल, सीवर व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत करने के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई उच्चाधिकार प्राप्त खरीद समितियों (HPPC) की बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग की 13 प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन कार्यों के लिए अनुमानित 419.34 करोड़ रुपये के बजट के मुकाबले 399.85 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई, जिससे सरकारी खजाने को करीब 19.49 करोड़ रुपये की बचत हुई है।
बैठक में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, श्रुति चौधरी और महिपाल ढांडा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि जलघरों और जल आपूर्ति केंद्रों के तल को पक्का (Reinforced Cement Concrete) किया जाएगा, ताकि पानी के रिसाव को रोका जा सके।
सीवर और पेयजल व्यवस्था के लिए शहरवार मुख्य आवंटन
रोहतक: सीवर लाइन सुधार के लिए गांधी नगर से मुख्य झज्जर रोड तक 15.90 करोड़ रुपये और अन्य सीवर लाइनों के जीर्णोद्धार पर 17.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सिंहपुरा में 16 करोड़ रुपये तथा सुखपुरा चौक पर 15 करोड़ रुपये से सीवर लाइनों को दुरुस्त किया जाएगा।
अंबाला (शहजादपुर): शहजादपुर में 48 करोड़ रुपये की लागत से नई सीवर लाइन और 3 एमएलडी क्षमता का मल शोधन संयंत्र (STP) स्थापित किया जाएगा।
गुरुग्राम (चंदू बुढेड़ा): चंदू बुढेड़ा जलघर में 49.50 करोड़ रुपये से प्रतिदिन 100 एमएलडी पानी साफ करने वाला स्वचालित संयंत्र और साफ पानी का भंडारण केंद्र बनाया जाएगा।
हिसार: 33.95 करोड़ रुपये की लागत से 10 एमएलडी क्षमता का नया मल शोधन संयंत्र (STP) और पंपिंग स्टेशन तैयार होगा।
जगाधरी: सीवर व्यवस्था में सुधार के लिए 24 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
पंचकूला: जनस्वास्थ्य विभाग का नया आधुनिक भवन 58.50 करोड़ रुपये में बनेगा। साथ ही दो वर्षा जल निकासी नालों के निर्माण पर 34.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और अन्य विभागों की प्रमुख मंजूरियां
शिक्षा व हॉस्टल निर्माण: जींद की चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी (CRSU) में 54.50 करोड़ रुपये से नया शैक्षणिक भवन बनेगा। वहीं मीरपुर यूनिवर्सिटी में 14.50 करोड़ रुपये से अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए 224 बिस्तरों का नया छात्रावास तैयार होगा।
स्वास्थ्य व्यवस्था: अंबाला में 22.80 करोड़ रुपये की लागत से नया टीबी (TB) अस्पताल बनाया जाएगा।
खेल इंफ्रास्ट्रक्चर: चरखी दादरी के पिचोपा में 11.60 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक वाला नया स्टेडियम बनेगा।
सोहना में सम्मेलन केंद्र: सोहना औद्योगिक क्षेत्र में 51 करोड़ रुपये से कन्वेंशन सेंटर, सभागार, दुकानें, 50 कमरों का होटल और आधुनिक पार्किंग विकसित की जाएगी।
सड़क एवं परिवहन: गुरुग्राम-पटौदी रोड को गडोली होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले मार्ग को 30.85 करोड़ रुपये की लागत से मजबूत किया जाएगा। साथ ही एनएच-709 के बचे हुए कार्य पूरे किए जाएंगे।
लोकायुक्त भवन व अन्न भंडारण: पंचकूला में 18.40 करोड़ रुपये की लागत से नया लोकायुक्त भवन बनेगा। इसके अतिरिक्त चीका, ढंडूर, हांसी और जुलाना में अनाज के सुरक्षित भंडारण के लिए नए गोदाम बनाए जाएंगे।