{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Haryana News: प्रदूषण पर हरियाणा सरकार सख्त, 2100 नए ANPR कैमरे लगेंगे; बिना PUC नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल

सर्दियों के मौसम में स्मॉग की गंभीर समस्या से दिल्ली-एनसीआर को बचाने के लिए हरियाणा सरकार ने प्रदूषण फैलाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुराने वाहनों की निगरानी से लेकर नियमों की अनदेखी करने वाली औद्योगिक इकाइयों तक पर नजर रखने के लिए तकनीक और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई का सहारा लिया जा रहा है।
 

चंडीगढ़: सर्दियों के मौसम में स्मॉग की गंभीर समस्या से दिल्ली-एनसीआर को बचाने के लिए हरियाणा सरकार ने प्रदूषण फैलाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुराने वाहनों की निगरानी से लेकर नियमों की अनदेखी करने वाली औद्योगिक इकाइयों तक पर नजर रखने के लिए तकनीक और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई का सहारा लिया जा रहा है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के अध्यक्ष राजेश वर्मा और हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इन तमाम उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कैमरों से होगी निगरानी और बिना PUC नहीं मिलेगा ईंधन

प्रदूषण नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए राज्य में तकनीक का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है:

एएनपीआर कैमरे (ANPR Cameras): प्रदेश में 600 ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरों की खरीद के लिए 14.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जबकि 1,500 अन्य कैमरों की खरीद हेतु टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं।

ईंधन पर सख्ती: एनसीआर के जिलों में यह व्यवस्था लागू करने की तैयारी है कि जिन वाहनों के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल पंपों और सीएनजी स्टेशनों पर ईंधन नहीं दिया जाएगा।

पुराने वाहनों और पराली जलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई

वाहन जब्ती: इस साल जनवरी से अक्टूबर के बीच हरियाणा ट्रैफिक पुलिस ने तय आयु-सीमा पूरी कर चुके 19,067 वाहन जब्त किए हैं, जिनमें से 785 वाहनों को स्क्रैपिंग (कबाड़) के लिए भेजा गया है।

डीजल ऑटो और ट्रक: एनसीआर के जिलों से डीजल से चलने वाले 596 ऑटो-रिक्शा चरणबद्ध तरीके से हटाए गए हैं। साथ ही, पुराने व्यावसायिक ट्रकों और बसों को बीएस-6, इलेक्ट्रिक या सीएनजी वाहनों में बदलने की योजना के तहत 18,501 लाभार्थियों ने पंजीकरण कराया है।

पराली प्रबंधन: पराली जलाने के मामलों में सख्ती बरतते हुए 52 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, फसल अवशेष प्रबंधन के लिए 9,000 मशीनों के लक्ष्य के मुकाबले 13,200 मशीनें वितरित की जा चुकी हैं। झज्जर के बादली क्षेत्र में पराली को ईंधन के रूप में उपयोग करने वाले मॉडल ईंट-भट्ठे की कैरम (CAQM) अध्यक्ष ने विशेष सराहना की है।

सड़कों की धूल और औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण

सड़कों का पुनर्विकास: गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, मानेसर, करनाल, पानीपत और रोहतक में 748.89 किलोमीटर सड़कों का पुनर्विकास किया गया है। धूल पर नियंत्रण के लिए मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनें तैनात हैं और इन सातों शहरों में निर्माण व विध्वंस मलबे के सभी 44 सेकेंडरी कलेक्शन सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं।

इंडस्ट्रियल इंस्पेक्शन: हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जनवरी से सितंबर के बीच तय क्षेत्रों में 4,129 और गैर-अनुरूप क्षेत्रों में 462 औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया है, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।