हरियाणा में 2651 राशन डिपो के लाइसेंस के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 25 नवंबर तक मौका
हरियाणा: प्रदेश में उचित मूल्य की दुकानों यानी राशन डिपो के लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले इच्छुक लोगों के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा सरकार ने 2651 उचित मूल्य की दुकानों के लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब आवेदक 25 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इससे पहले आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निर्धारित की गई थी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने निदेशालय चंडीगढ़ के 10 नवंबर को जारी पत्र के माध्यम से आवेदन की तारीख बढ़ाने का निर्णय लिया है।
जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक अधिकारी सीमा शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत गांवों और शहरों में विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को योजना की जानकारी देने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश में कुल 2651 उचित मूल्य की दुकानों के लाइसेंस जारी किए जाने हैं। इच्छुक पात्र आवेदक अब बढ़ी हुई समय सीमा के अनुसार 25 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
वहीं, नूंह जिले के लिए भी इस योजना के तहत करीब 169 नए राशन डिपो के लाइसेंस बनाए जाने हैं। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने से उन लोगों को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे।
##