RTI अपीलों पर लापरवाही भारी पड़ेगी! हरियाणा सरकार सख्त
हरियाणा में RTI की प्रथम अपीलें महीनों दबाने वाले अधिकारियों पर अब कार्रवाई की तैयारी। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समयबद्ध निस्तारण और लिखित आदेश के सख्त निर्देश दिए।
Nov 10, 2026, 18:11 IST
हरियाणा सरकार ने आरटीआई अपीलों के समयबद्ध निस्तारण कराने के लिए सभी प्रथम अपीलीय अधिकारियों पर कसा शिकंजा चंडीगढ़ 10 नवंबर आरटीआई एक्ट 2005 के सेक्शन 19(1) के तहत प्राप्त प्रथम अपीलों को महीनों तक दबा कर बैठे रहने वाले अधिकारियों की अब खैर नहीं । राज्य सूचना आयोग द्वारा प्रदेश के सभी विभागों में नियुक्त प्रथम अपीलीय अधिकारियों की ढुल मुल कार्यशैली पर असंतोष व्यक्त करने के बाद गत 4 नवंबर को प्रदेश सरकार ने सभी विभागाध्यक्षों,सभी जिला उपायुक्तों व अन्य उच्च अधिकारियों को तीन सूत्री सर्कुलर जारी किया है। गत 4 नवंबर को मुख्य सचिव द्वारा जारी सर्कुलर में आरटीआई एक्ट के अंतर्गत नियुक्त सभी प्रथम अपीलीय अधिकारियों को प्रथम अपीलों के समयबद्ध निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए हैं ,ताकि अपीलकर्ताओं को बेवजह राज्य सूचना आयोग में द्वितीय अपीलों न करनी पड़ें ।
राज्य सूचना आयोग की सक्रियता और सरकार के इन आदेशों का आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर ने स्वागत करते कहा कि इससे लापरवाह प्रथम अपीलीय भी नपेंगे । कपूर ने बताया कि एक ओर तो राज्य जन सूचना अधिकारी निर्धारित 30 दिन में सूचना नहीं देते, वहीं प्रथम अपीलीय अधिकारी भी निर्धारित 30 से 45 दिन की अवधि तक अपीलों का निस्तारण नहीं करते । जिस कारण मजबूरन हर आवेदक को सूचना लेने के लिए सूचना आयोग तक जाना पड़ता है । नतीजन, राज्य सूचना आयोग में हजारों अपीलों का अम्बार लगा रहता है ,वर्षों तक आवेदकों को सूचना नहीं मिल पाती । गौर तलब है कि प्रदेश में आरटीआई एक्ट की बदहाली के विरुद्ध गत 12 अक्टूबर को जन अभियान मंच की अगुवाई में आरटीआई कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ में प्रदर्शन करके राज्यपाल व मुख्य सूचना आयुक्त को मांग पत्र भी दिया था । सरकार ने यह दिए निर्देश: प्रथम अपीलीय अधिकारियों को प्रथम अपीलों का निर्धारित अवधि में निस्तारण करना होगा । सुनवाई करते वक्त अपीलकर्ता की सभी आपत्तियों पर कारण सहित लिखित ऑर्डर करने होंगे ।राज्य जन सूचना अधिकारियों को दिए निर्देश अनुसार जिन आवेदनों पर सूचना कानूनी रूप से दी जानी बनती हो उन पर आरटीआई एक्ट अनुसार बिना किसी विलंब के मांगी गई सूचना आवेदक को दें।