HPSC को मिला नया प्रमुख: पूर्व OSD सतीश कुमार सैनी संभालेंगे हरियाणा लोक सेवा आयोग की कमान
चंडीगढ़: हरियाणा के प्रशासनिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) रहे सतीश कुमार सैनी को हरियाणा राज्य लोक सेवा आयोग (HPSC) का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वह गुरुवार को राजभवन में आयोजित होने वाले एक समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इससे पहले वर्तमान समय में वह इसी आयोग में डिप्टी सेक्रेटरी के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
कौन हैं सतीश सैनी?
एचसीएस (HCS) अधिकारी सतीश कुमार सैनी की गिनती प्रशासनिक हलकों में एक अनुभवी चेहरे के रूप में होती है। वह हरियाणा में भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ओएसडी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने जनवरी 2020 से फरवरी 2022 तक इस महत्वपूर्ण पद पर काम किया था, जिसके बाद उन्हें आयोग में डिप्टी सेक्रेटरी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब उन्हें आयोग के सर्वोच्च पद यानी चेयरमैन की कमान सौंपी गई है।