{"vars":{"id": "91925:5179"}}

IMD Weather Alert: हरियाणा-पंजाब समेत उत्तर भारत में 2 दिन बारिश के आसार, यूपी में घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 और 15 नवंबर को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इन दो दिनों के दौरान बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 15 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है।
 

IMD Weather Update: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज अगले दो दिनों में बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 और 15 नवंबर को पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की संभावना जताई गई है।

Haryana Weather: हरियाणा-पंजाब में बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 और 15 नवंबर को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इन दो दिनों के दौरान बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 15 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर में तेज हवाएं, उत्तराखंड में भी चेतावनी

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 14 नवंबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों में इसकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।

उत्तराखंड में 15 नवंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम के बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट

IMD ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 17 नवंबर तक घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 16 और 17 नवंबर को घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अवदाब में बदल सकता है।

इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 16 नवंबर की शाम तक दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।

इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी और दक्षिणी भारत में भी बारिश का पूर्वानुमान

IMD के अनुसार अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 14 से 20 नवंबर तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में 19 और 20 नवंबर को व्यापक बारिश के आसार हैं। यहां भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की गई है।

दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 से 20 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश में 18 से 20 नवंबर के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

##